डीग में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 207 आरोपी सलाखों के पीछे

डीग में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 207 आरोपी सलाखों के पीछे

डीग| डीग जिले में पुलिस ने दो दिनों में ई समाज कंटकों के खिलाफ विशेष अभियान चला कर 207अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज के दिशा-निर्देशन में पुलिस द्वारा डीग जिले में दो दिन अपराधियों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चलाया गया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के लगभग 180 पुलिसकर्मियों की कुल 33 टीमों ने भाग लिया। पुलिस की टीमों ने इन दो दिनों में डीग जिले में 100 स्थानों पर दबिश देकर 207 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इस अभियान में मात्र एक दिन में 20 हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर व आदतन अपराधियों को हवालात में पहुंचाया है। पुलिस ने 3 स्थाई वारंटियों पर शिकंजा कसा है तथा 25 आबकारी एक्ट और एक आरपीजीओ एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है, 51 आर्म्स एक्ट के चालान शुदा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, 78 असामाजिक तत्वों को 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की गई है। पुलिस की कार्यवाही का नेतृत्व स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने किया। पुलिस की इस ताबड़ तोड़ कार्यवाही से जहां आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास जगा है वही अपराधियों में हड़कंप मच गया है।