अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए बना पहला टेडी बियर:एक हाथ से खिलौने बनाने वाली महिला ने पॉपुलर किया, लंदन में टेडी बियर म्यूजियम
वैलेंटाइन डे वीक चल रहा है और आज टेडी बियर डे है। टीनएजर को टेडी बियर गिफ्ट में मिल जाए तो चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है। अपनों को मनाने की कोशिश हो या दिल में छुपी बात कहनी हो तो टेडी बियर का तोहफा लेने से कोई इनकार नहीं करता।
आखिर टेडी बियर में ऐसा क्या है जो उसे बतौर गिफ्ट इतना स्पेशल बनाता है। और इसका नाम टेडी बियर ही क्यों है? इस सवाल का जवाब एक ताकतवर राष्ट्रपति और पोलियोग्रस्त महिला की कहानी में छुपा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति का निकनेम था टेडी, भालू को देख दिल पसीजा तो बन गया टेडी बियर
करीब 121 साल पहले की बात है। अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति थियोडोर टेडी रूजवेल्ट मिसिसिपी के गवर्नर लॉन्गिनो के इन्विटेशन पर भालू का शिकार करने पहुंचे। प्रेसिडेंट जब मिसिसिपी गए तो वे एक भी भालू का शिकार नहीं कर पाए।
तब रूजवेल्ट के असिस्टेंट हॉल्ट कॉलियर ने एक काले भालू को पेड़ से बंधवा दिया और रूजवेल्ट को उसका शिकार करने की सलाह दी। लेकिन भालू की मासूमियत देखकर रूजवेल्ट को भालू पर प्यार आ गया और वे उस पर गोली नहीं चला सके।
यह घटना अमेरिकी अखबारों की सुर्खियां बनी। घटना के एक दिन बाद, क्लिफोर्ड बेरीमैन नाम के पॉलिटिकल कार्टूनिस्ट ने इसे कार्टून का रूप दे दिया।
इसके बाद से ‘टेडी बियर’ को खिलौनों की दुनिया में एंट्री मिली और अपनी मासूमियत की वजह से वह प्यार का तोहफा भी बन गया। सोशल मीडिया का जमाना होता तो शायद सीआईए कार्टूनिस्ट के पीछे पड़ चुकी होती।
शॉपकीपर और उसकी पत्नी ने बनाया पहला टेडी बियर
अखबार में छपे कार्टून से प्रेरित होकर ब्रुकलिन के शॉपकीपर मॉरिस मिकटॉम ने अपनी वाइफ के साथ मिलकर बचे हुए कपड़े और कई तरह की चीजों से सुंदर, मुलायम और मासूम भालू को खिलौने (Stuff bear toy) की शक्ल दी। उसका नाम टेडी बियर रखा और जिसे उन्होंने प्रेसिडेंट रूजवेल्ट को समर्पित करते हुए गिफ्ट किया। क्योंकि रुजवेल्ट का निकनेम टेडी था।
प्रेमियों के बीच बढ़ता गया टेडी बियर का ट्रेंड
अमेरिकी राष्ट्रपति को मिला यह अनोखा गिफ्ट लोगों के दिलो-दिमाग पर छाने लगा। शुरुआत में टेडी बियर बच्चों का खिलौना बना, जो पॉपुलर बर्थडे गिफ्ट बना। धीरे-धीरे ये मासूम सा खिलौना प्यार जताने के लिए दिया जाने लगा।
इसी दौरान शॉपकीपर मिटकॉम ने प्रेसिडेंट रुजवेल्ट से उनके निक नेम टेडी का इस्तेमाल करने की परमिशन ले ली। इसके बाद उन्होंने एक कंपनी खोली, जो बड़े पैमाने पर टेडी बियर बनाती। आज के दौर में अमेरिका, यूरोप ही नहीं, भारत सहित दुनिया भर के युवाओं के बीच टेडी बियर प्यार का तोहफा बन चुका है।
कहानी रूजवेल्ट के नाम से प्रेरित होकर टेडी बियर बनाने पर ही खत्म नहीं होती। इसे पॉपुलर बनाने में एक जर्मन महिला का रोल भी है, जो एक हाथ से खिलौने बनाती थी।
पोलियोग्रस्त महिला ने टेडी बियर को दुनिया भर में किया पॉपुलर
टेडी बियर को सुंदर और आकर्षक बनाने का क्रेडिट मार्गरेट स्टीफ और उनके भतीजे को जाता है। 19वीं सदी में दक्षिण जर्मनी के छोटे शहर में जन्मीं मार्गरेट स्टीफ महज डेढ़ साल की उम्र में ही पोलियो का शिकार हो गई थीं। इस वजह से उनके दोनों पैर और दायां हाथ डेवलप नहीं हुए।
उन्होंने व्हील चेयर पर बैठकर अपने रोजमर्रा के काम सीखे। इसी दौरान उन्होंने पहली बार सॉफ्ट टॉय हाथी बनाया। क्रिसमस आया तो और भी कई खिलौने बनाकर बाजार में बेचे, जो बच्चों को बेहद पसंद आए।
कारोबार बढ़ने लगा तो उनके भतीजे ने इनोवेशन कर टेडी बियर का ऐसा नमूना बनाया जिसमें कांच की आंखें, प्लास्टिक की नाक और रंग बिरंगे कपड़ों का इस्तेमाल किया गया।
Naresh Chouhan 

