मिनी सचिवालय में चला ‘नो थू-थू’ अभियान

नगर निगम अलवर द्वारा मिनी सचिवालय परिसर में ‘रेड स्पॉट’ को समाप्त करने हेतु विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाए रखना तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। अभियान के दौरान सफाई मित्रों की टीम ने परिसर में जमे पान-गुटखा से बने लाल दागों की गहन सफाई की और रेड स्पॉट को पूरी तरह मिटाया। साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए परिसर में आकर्षक फूलों की रंगोली बनाई गई, जिसने स्वच्छता का संदेश रचनात्मक और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुँचाया। रंगोली के माध्यम से “नो थू-थू” का संदेश देकर नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर थूकने की आदत छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। प्रमुख स्थानों पर “यहाँ थूकना मना है” लिखे चेतावनी संकेत पेंट किए गए, ताकि आने-जाने वाले लोगों को स्पष्ट संदेश मिले और वे नियमों का पालन करें। नगर निगम की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को स्वच्छ आदतें अपनाने, थूकदान का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। नगर निगम अलवर ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें। “स्वच्छ आदत अपनाएं, स्वच्छ शहर बनाएं” के संदेश के साथ यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निरंतर जारी रहेगा।