आधा सत्र बीता, लेकिन नहीं मिली साइकिल:18 हजार छात्राओं को इंतजार, अधिकारी बोले-निदेशालय करेगा वितरण

आधा सत्र बीता, लेकिन नहीं मिली साइकिल:18 हजार छात्राओं को इंतजार, अधिकारी बोले-निदेशालय करेगा वितरण

राज्य सरकार के द्वारा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नवीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को साइकिल का वितरण किया जाता है। लेकिन इस साल आधा सत्र बीत जाने के बाद भी बालिकाओं को साइकिल का वितरण नहीं किया गया। जिससे उन्हें पैदल ही स्कूल जाना पड़ रहा है। उनका साइकिल पाने का सपना भी अधूरा नजर आ रहा है। छात्राओं का कहना है कि अब तो सरकार के द्वारा छोटे बच्चों को दूध भी शुरू कर दिया है। अब तो सरकार को हम बेटियों की सुननी चाहिए और हमें जल्द ही साइकिल का वितरण करवाना चाहिए। बड़ी बात तो यह है कि इस साल अभी तक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को साइकिल वितरण कब से होगा, इसकी जानकारी ही नहीं है। जिले में 9वीं कक्षा की 18,224 बालिकाओं को साइकिल वितरण का इंतजार है।

आवागमन में असुविधा

साइकिल नहीं होने से शहर समेत गांव ढाणियों में छात्राएं पैदल ही स्कूल जाने को मजबूर हैं। हर साल अगस्त-सितंबर माह में विभाग की ओर से कक्षा 9 में अध्यनरत बालिकाओं के नामांकन की सूचना मांग ली जाती थी। लेकिन इस बार दिसंबर का आधा माह बीतने पर भी सूचना तक नहीं मांगी है।

इन छात्राओं का साइकिल का इंतजार

ब्लॉक छात्रा
बानसूर 1369
बहरोड़ 677
गोविंदगढ़ 840
कठुंवर 1370
किशनगढ़ बास 1352
कोटकासिम 566
लक्ष्मणगढ़ 881
मालाखेड़ा 992
मुंडावर 909
नीमराना 621
रैणी 949
राजगढ़ 1242
रामगढ़ 1513
थानागाजी 1631
तिजारा 1843
उमरैण 1479

इनका ये कहना

अलवर की मुख्य शिक्षा अधिकारी पूनम गोयल ने कहा कि साइकिल का वितरण राज्य सरकार के स्तर से होता है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय (प्रारंभिक) नेकीराम ने कहा कि अबकी बार सीधे स्कूलों से आवेदन करवाए गए थे। पहले ऑफलाइन आवेदन प्राप्त होते थे। निदेशालय के द्वारा साइकिल वितरण करवाया जाएगा।