डॉक्टर के घर में 540 चांदी चोरी मामला:सुरंग बनाने वाले तीन और युवक गिरफ्तार, मिट्टी ढहने के डर से दो भाईयों ने अधूरी छोड़ी थी खुदाई, तीसरे ने बक्से तक पहुंचाया
शहर के वैशाली नगर इलाके में डी ब्लॉक में रहने वाले हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. सुनीत सोनी के घर तक सुरंग बनाकर 540 किलो चांदी की सिल्लियां चुराने की वारदात में तीन और युवकों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो आरोपी सगे भाई है। ये खाली प्लॉट से डॉक्टर के मकान के बेसमेंट तक 26 फीट लंबी सुरंग खोदने वाले मजदूर है। वहीं, वारदात का मुख्य सरगना शेखर अग्रवाल और उसका रिश्तेदार जतिन फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।
जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (पश्चिम) प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आरोपी मनराज मीणा (26) और आरोपी दिलखुश मीणा (24) है। दोनों सगे भाई है तथा टोंक जिले में दावास तहसील के सुखचनपुरा गांव में रहते है। ये दोनों भाई मजदूरी तथा हलवाई का काम करते है। वहीं तीसरा आरोपी मोहम्मद नईमुद्दीन (38) है। वह सवाईमाधोपुर जिले में मलारना डूंगर में पीलवा नदी गांव का रहने वाला है। वह जयपुर में इसी केस में पहले गिरफ्तार हो चुके रामकरण जांगिड़ के पास कारपेंटर का काम करता था।
नईमुद्दीन ने सुरंग में बक्सा काटकर चांदी की सिल्लियां निकाली, बदले में 20.73 लाख रुपए लिए
वैशाली नगर एसीपी रायसिंह बेनीवाल ने बताया कि मुख्य सरगना शेखर अग्रवाल बनवारी जांगिड़ के मार्फत मनराज और दिलसुख को सुरंग खोदने के लिए लेकर आए थे। इन्होंने सुरंग खोदना शुरु किया। इस बीच डॉक्टर सुनीत सोनी के बेसमेंट के नीचे तक खुदाई हुई। तभी वाटर टैंक होने का पता चला। तब खुदाई कर रहे मनराज और उसके भाई दिलसुख को मिट्टी ढहने से दबने का अंदेशा हुआ। इस पर उन्होंने सुरंग खोदने से इंकार कर दिया।
तब रामकरण अपने पास पहले काम कर चुके नईमुद्दीन को लेकर आया। नईमुद्दीन ने सबसे अंत में सुरंग को खोदने को काम शुरु किया। वह बेसमेंट में फर्श के नीचे लोहे के बक्से तक पहुंच गया। नईमुद्दीन ने ही चांदी की 30 किलो वजनी 18 सिल्लियों से भरे बक्से को मुश्किलों से काटा और इन ईंटों को मुख्य सरगना शेखर अग्रवाल को सौंप दिया।
इस काम के बदले और राज को दबाने के लिए नईमुद्दीन ने शेखर से एक चांदी की ईंट लेकर रख ली। लेकिन शेखर ने नईमुद्दीन को 20.73 लाख रुपए लेकर उससे चांदी की ईंट वापस ले ली। पुलिस ने नईमुद्दीन से पूछताछ कर उसके कब्जे से 18 लाख रूपये बरामद किए है। इसके अलावा 50 हजार रुपए उसके बैंक खाते में जमा होने का पता चला है। बाकी रकम उसने कहां खर्च की। इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।


