बंद शोरूम के अंदर चल रही थी शॉपिंग: छापा पड़ा तो बाहर निकले 35 महिला और पुरुष, सभी को ट्रैक्टर में भरकर थाने ले गई पुलिस
जिले के सैंपऊ कस्बे में गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे रेडीमेड एवं कॉस्मेटिक के शोरुम पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। जहां दुकान के अंदर से करीब 35 से 40 लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी को ट्रैक्टर ट्राॅली और सरकार गाड़ी के जरिए थाने भेजा गया। जिससे कस्बे के बाजार में खलबली मच गई। वहीं. दुकान को कोरोना गाइडलाइन उल्लंघन करने के लिए सीज कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित एक कपड़े के शोरूम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार सिंह शोरूम के बाहर पहुंचे। इस दौरान शोरूम मालिक को मौके पर बुलाकर शटर पर लगा ताला खोलने के लिए कहा गया। शोरूम मालिक ने कहा कि अंदर कोई मौजूद नहीं है। साथ ही शोरूम बंद होने की बात कही। इस दौरान शोरूम के आगे और पीछे दोनों तरफ पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। करीब 1 घंटे तक पुलिस कर्मी बाहर ही बैठे रहे।
काफी बहस के बाद शोरूम मालिक रामखिलाड़ी कुशवाह ने शोरूम की देखरेख कर रहे सेल्समैन को फोन कर पीछे का गेट खुलवाया। जिसमें से बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों की भीड़ बाहर निकली। इस दौरान सभी को हिरासत में ले लिया गया।
शोरूम सीज
कार्रवाई को लेकर एसडीएम रामकिशोर मीणा ने बताया कि कोविड-19 गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाने का दोषी मानते हुए शोरूम को आगामी आदेश तक सीज कर दिया गया है। वहीं, थाना प्रभारी को शोरूम मालिक के खिलाफ राजस्थान महामारी अध्यादेश अधिनियम के तहत मुकदमा एवं जुर्माना कार्रवाई के आदेश दिए हैं।


