प्रवासी पक्षी:परिंदों को रास आई चंबल, पहली बार बड़ी संख्या में दिखे बार हेडेड गूज

प्रवासी पक्षी:परिंदों को रास आई चंबल, पहली बार बड़ी संख्या में दिखे बार हेडेड गूज

नदी के किनारों पर शुक्रवार शाम करीब 400 पक्षियों का कलरव दिखा, जबकि अब तक 60 से 70 पक्षी ही देखे जाते रहे हैं।

धौलपुर जिले में हालांकि अभी तक बर्ड फ्लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है। लेकिन, सर्दियां शुरू होते ही चंबल पर प्रवासी पक्षी बार हेडेड गूज की अठखेलियां दिखाई देने लगी हैं। शुक्रवार को चंबल में कजाकिस्तान और तिब्बत से आए सैकड़ों विदेशी परिंदों का करलव सुनाई दिया। झुंडाें में विदेशी पक्षी बार हेडेड गूज कभी उड़ान भरते ताे कभी पानी में किलाेल करते देखे जा रहे हैं। इनके कलरव से चंबल गूंजायमान है। ये परिंदे विदेशाें से अपना वतन कजाकिस्तान, तिब्बत व मंगोलिया छोड़कर चंबल अभयारण्य आते हैं।

सर्दी बढ़ते ही भारत आ जाते हैं विदेशी पक्षी

रूस के साइबेरिया, तिब्बत, कजाकिस्तान, मंगोलिया जैसे देशों में पाए जाने वाले बार हेडेड गूज वहां के पहाड़ों के इलाकों में पाए जाते हैं। वहां गर्मियों में यह पक्षी अंडे देते हैं और जब नवंबर-दिसंबर में इन इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ती है और पारा शून्य से भी नीचे चला जाता है तो यह समूह के रूप में उड़कर भारत आते हैं। इंडिया में चंबल सहित कई इलाके उन्हें खास पसंद हैं।