दुष्कर्म का प्रयास: देवर ने दुष्कर्म का प्रयास किया, ससुर ने भी विवाहिता को गर्म चिमटे से दागा

दुष्कर्म का प्रयास: देवर ने दुष्कर्म का प्रयास किया, ससुर ने भी विवाहिता को गर्म चिमटे से दागा

देवर ने भाभी के साथ ज्यादती का प्रयास किया। पीड़िता ने ससुरालवालों को घटना के बारे में बताया कि ससुर ने भी पीड़िता को गर्म चिमटे से दाग दिया। नागौर निवासी विवाहिता ने नेछवा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसका ससुराल लक्ष्मणगढ़ तहसील में है। विवाहिता का आरोप है कि उसका पति, सास और ननदें खेत में गई हुई थी। जबकि ससुर दवा लेकर बैठक के कमरे में सो रहे थे।

देवर ने उसको अकेला पाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। विवाहिता ने शोर मचाया तो देवर ने उसके मुंह पर मुक्का मारा। जिससे उसके मुंह में खून निकल आया। पीड़िता का कहना है कि उसने घटना की शिकायत अपने पति, सास और ससुर से की तो उन्होंने मुंह बंद रखने के लिए उसको चेताया और ससुर ने गर्म चिमटे से उसके एक हाथ को कई जगह दाग दिया।

धमकाया कि घटना के बारे में किसी को बताया तो उसको जिंदा जला देंगे। पीड़िता का आरोप है कि देवर ने दूसरी बार ज्यादती का प्रयास किया। इससे पहले भी जब घर पर कोई नहीं था, तब उसके देवर ने उसके साथ ज्यादती का प्रयास किया था। घटना के बारे में किसी को बताने पर देवर ने उसको डराया धमकाया था। शिकायत दर्ज कराने के लिए उसको पुलिस थाने पर भी नहीं जाने दिया गया। जबकि इससे पहले ससुराल वाले उसको दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप : पुलिस की मौजूदगी में भी पति-देवर ने मारपीट की
विवाहिता का आरोप है कि नेछवा थाने पुलिस के दो सिपाही मौके पर पहुंचे थे। पति और देवर ने पुलिस की मौजूदगी में भी उसके साथ मारपीट की। उसका पति झोलाछाप डॉक्टर है और उसने भी उसका शोषण किया है। पीहर पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।

पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की जानकारी नहीं है। पीड़िता कुछ भी आरोप लगा सकती है। लेकिन, उसके सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
-महेंद्र, थानाधिकारी, नेछवा थाना