डॉक्टर हत्याकांड का आरोपी बाइक चालक गिरफ्तार:पुलिस के डर से जंगल में छुपा बैठा था, मुख्य आरोपी अब भी फरारा; 3 जिलों की 300 जवान सर्च में जुटे
भरतपुर डॉक्टर दंपत्ति हत्याकांड के आरोपी महेश को पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ़्तार कर लिया है। गौरतलब है कि भरतपुर और धौलपुर पुलिस लगातार डॉक्टर दंपती के हत्यारों को पकड़ने के लिए दबिश कर रही थी। जिसके बाद करौली पुलिस ने अभी आरोपियों को पकड़ने के लिए दबाब बनाया। इस दौरान सूचना पर बयाना के पास सूरौठ के जंगलों से महेश को तड़के गिरफ़्तार कर लिया।
हालांकि मुख्य आरोपी अनुज अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस दावा कर रही है कि अनुज को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए आरोपियों के रिश्तेदारों पर लगातार दबाब बना रही है। आज ही पुलिस महेश के पकड़े जाने का खुलासा कर सकती है।
300 से ज्यादा जवान दे रहे दबिश
कल देर शाम से धौलपुर और भरतपुर बयाना के डांग इलाके में दबिश कर रही थी जिसमें करीब 300 से ज्यादा जवान शामिल थे। पुलिस की नाकामी इस बात से साबित होती है कि डॉक्टर दंपत्ति हत्याकांड को 3 दिन बीत जाने के बाद भी तीन जिलों की पुलिस 22 साल के अनुज को गिरफ़्तार नहीं कर पाई है। जबकि पुलिस साइबर सेल और संपर्क सूत्रों का लगातार उपयोग कर रही है।
ये है मामला
भरतपुर में गत शुक्रवार को नीम दा गेट इलाके में दिनदहाड़े डॉक्टर दंपती की हत्या कर दी गई। वारदात में डॉ. सुदीप गुप्ता और उसकी पत्नी डॉ. सीमा गुप्ता की मौत हो गई थी। खुलासा हुआ कि डॉक्टर दंपती की हत्या बदला लेने के लिए की गई है। दरअसल, डॉ. सीमा गुप्ता पर आरोप था कि उन्होंने 2 साल पहले पति सुदीप गुप्ता की प्रेमिका दीपा गुर्जर और उसके बेटे की जलाकर हत्या कर दी थी।


