नगर निगम की निर्माण शाखा का औचक निरीक्षण: मेयर ने किया निर्माण शाखा का निरीक्षण, अभियंता नहीं मिले, चार्जशीट देने के निर्देश
मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने सोमवार को नगर निगम की निर्माण शाखा का औचक निरीक्षण किया। कोई अभियंता नहीं मिला। मूवमेंट रजिस्टर तक नहीं था। नाराज होकर उन्होंने एक्सईएन को चार्जशीट जारी करने की सिफारिश आयुक्त से की है। दरअसल पार्षदों की शिकायत है कि निर्माण शाखा में जेईएन और एईएन नहीं मिलते। इसका पता लगाने के लिए मेयर ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया तो शिकायत सही मिली।
निर्माण शाखा में एक्सईएन पवन बंसल सहित कुछ कर्मचारी काम करते नजर आए। उन्होंने अभियंताओं का मूवमेंट रजिस्टर मांगा तो पता चला कि अब तक बनाया ही नहीं गया। मेयर ने एक्सईएन के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए 17 सीसीए का नोटिस देने तथा सभी अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगने की सिफारिश आयुक्त से यूओ नोट में की है।
मेयर ने बताया कि अभियंताओं का मूवमेंट रजिस्टर होने से यह पता रहता है कि वह फील्ड में है तो कहां पर गए हैं। उनके समय की जानकारी भी रहती है। इसे लेकर लापरवाही बरती जा रही है। इसके अलावा वार्डों में विकास कार्यों के लिए 20-20 लाख के टेंडर लगाने निर्देश छह महीने पहले दिए थे। अब तक मात्र 18 वार्डों में ही टेंडर लगे हैं। 24 जून की बैठक का कार्यवाही विवरण तक तैयार नहीं किया गया है।
पश्चिम क्षेत्र के 32, पूर्व के 37 वार्डों का एस्टीमेट तैयार
मेयर की कार्रवाई को लेकर एक्सईएन पवन बंसल ने बताया कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 32 और पूर्व के 37 वार्डों के एस्टीमेट तैयार हैं। कुछ के टेंडर लग चुके हैं। कुछ वार्डों के लिए पार्षदों की ओर से डिमांड नहीं आ रही है।


