रूस- यूक्रेन-विश्व शांति; बीकानेर में तीनों एक जगह मिली:रूसी पिता, यूक्रेनी मां की कलाकार बेटी एंटोनिना ने बीकानेर में शांति के चित्र उकेरे

रूस- यूक्रेन-विश्व शांति; बीकानेर में तीनों एक जगह मिली:रूसी पिता, यूक्रेनी मां की कलाकार बेटी एंटोनिना ने बीकानेर में शांति के चित्र उकेरे

रूस-यूक्रेन युद्ध से दुनियाभर में फैले डर और तनाव के बीच रशियन पिता और यूक्रेनी मां की कलाकार बेटी एंटोनिना वोलोडचेंको ने बीकानेर के पब्लिक पार्क में शांति और स्थिरता के चित्र उकेरे। कचहरी परिसर का चित्र उकेरती एंटोनिना रुस-यूक्रेन तनाव के बारे में ज्यादा बोलना नहीं चाहती। बस, इतना कहा- युद्ध से किसी का भला नहीं होता। मुझे उम्मीद है सब जल्द ठीक होगा। हम सभी पहले की तरह मित्रवत होंगे। बोली, मैं आर्ट इको प्रोजेक्ट की प्रतिभागी हूं। पहली बार भारत यात्रा पर आई हूं। इस अद्भुत देश, यहां के कलाकारों और सौंदर्य को देखकर खुशी मिलती है। एंटोनिना के पिता सैंट पीटरबर्ग्स, रूस के हैं जबकि मां यूक्रेन की। वह सेंट पीटरबर्ग्स में ही रहती है।

दरअसल आर्ट इको प्रोजेक्ट का मकसद ही मन की शांति और स्थिरता पर जोर देना है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दुनिया के सबसे बड़े तनाव वाले दो देशों की साझा प्रतिनिधि बीकानेर में शांति के चित्र उकेर रही है। आर्ट इको में भागीदारी करने वे दुनियाभर के 84 कलाकारों के साथ वे भारत आई हुई हैं।

उनके साथ रूस की ही एलेक्जेंड्रा तरासोवा, अल्ला पोलकोवनिचेनकोव, एलेक्जेंड्रा फतेवा, भारतीय कलाकार श्रेयांशी सिंह, सुनील कपूर, अमीन नशेर, पंकज कुमार इस वक्त बीकानेर में हैं। दुनियाभर के ये सभी कलाकार छह से आठ के ग्रुप में बंटकर देश के अलग-अलग हिस्सों में वहां के स्थापत्य, संस्कृति और सौंदर्य को कैनवास पर लाइव उतार रहे हैं।