25 लाख के मोबाइल चोरी कर ले गए चोर दीवार फांद कर ओप्पो के ऑफिस में घुसे चोर, छोड़ गए मोबाइल के खाली डिब्बे
भरतपुर के कोतवाली थाना इलाके के आदर्श कॉलोनी में देर रात चोरों ने ओप्पो कंपनी के ऑफिस से करीब 25 लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए। दो चोर रात करीब 2 बजे दीवार फांदकर ऑफिस में दाखिल हुए और करीब 25 लाख के मोबाइल चोरी कर ले गए। चोर ऑफिस के अंदर घुसते हुए बैग में मोबाइल भरकर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। चोरों ने मोबाइल के डिब्बों से फोन निकाल लिए और उन्हें दो बैग में भरकर ले गए। शाम को कर्मचारी ऑफिस पहुंचा तो उसने ताला टूटा देखा। उसने ओप्पो के मैनेजर को इस घटना की सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस, FSL टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। फिलहाल मौके से जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
ओप्पो मोबाइल के कर्मचारियों ने बताया की उन्होंने आदर्श कॉलोनी में कृष्णा मोबाइल वालों के घर में ओप्पो का एक ऑफिस बना रखा है जहां से भरतपुर और धौलपुर में मोबाइल की सप्लाई की जाती है। ऑफिस में सुखदेव चौधरी नाम का कर्मचारी रहता है, लेकिन शनिवार को वह अपने घर अलवर गया हुआ था। रविवार शाम जब ओप्पो का एक कर्मचारी ऑफिस पहुंचा तो उसने ऑफिस के गेट खुले देखे जिसके बाद उसने ओप्पो के मैनेजर को घटना की सूचना दी।

कैसे हुई चोरी
चोर पहले ही रेकी कर ऑफिस के पास ही एक लोहे का सरिया रख कर चले गए थे। रात करीब 2 बजे चोर ऑफिस के पास आए। जहां उन्होंने लोहे का सरिया छुपाया हुआ था। वहां से सरिया उठाया और दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए। एक चोर मकान के बाहर देखभाल करता रहा और दूसरे चोर ने ऑफिस के अंदर जाकर सभी चीजों की तलाशी ली। चोर ने मकान के अंदर एक और कमरे का ताला तोड़ा जिसमें मोबाइल रखे हुए थे। ताला तोड़ने के बाद अंदर वाले चोर ने अपने बाहर खड़े साथी को बुलाया और सभी मोबाइल के डिब्बों से मोबाइल निकालने कर दो बैग में भर लिए। करीब 1 घंटे बाद चोर 25 लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर फरार हो गए।
इसी घर में एक बार मर्डर और चौथी बार हुई चोरी
इसी घर में 10 अप्रैल 2019 को मिथलेश नाम की एक महिला का मर्डर भी हो चुका है। एक बदमाश लूट की वारदात को अंजाम दे रहा था। घर में रह रही महिला ने उसे देख लिया तो उसने महिला का मर्डर कर दिया। बाद में महिला के हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा साल 2018 से अभी तक घर में चार बार चोरी हो चुकी है। हर बार चोर कुछ न कुछ मकान से चोरी कर ले जाते हैं।


