जिंदा जलाई गई दुष्कर्म पीड़िता की मौत:रात 1 बजे घर के बाहर बुलाकर जलाया था, 15 दिन पहले आरोपी ने दी थी धमकी; CCTV में नजर आए युवक का पता नहीं

Mar 6, 2021 - 03:59
Mar 6, 2021 - 10:49
जिंदा जलाई गई दुष्कर्म पीड़िता की मौत:रात 1 बजे घर के बाहर बुलाकर जलाया था, 15 दिन पहले आरोपी ने दी थी धमकी; CCTV में नजर आए युवक का पता नहीं

हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला में जिंदा जलाई गई 30 साल की दुष्कर्म पीड़िता की मौत हो गई। 90% झुलसी पीड़िता को गुरुवार को जयुपर के एसएमएस अस्पताल रैफर किया गया था। इलाज के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। हैरानी की बात ये है कि दुष्कर्म आरोपी ने पीड़िता को 15 दिन पहले ही जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता की नानी ने एफआईआर में यह आरोप लगाया है। हालांकि युवती को किसने आग के हवाले किया इसकी जांच की जा रही है।

रात 1 बजे घर के बाहर बुलाकर जलाया

बुधवार रात 1 बजे गोलूवाला स्थित अपनी नानी के घर में सो रही ब्यूटी पार्लर संचालिका को किसी ने घर के बाहर बुलाया। इसी दौरान केरोसीन डालकर उसे जिंदा जला दिया था। पीड़िता चिल्लाई तो आसपास के लोगों ने आकर उसे बचाया। तब तक वह 90 प्रतिशत झुलस गई थी। हालत गंभीर होने पर श्रीगंगानगर से बीकानेर रेफर किया गया था। जहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। गोलूवाला पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता की नानी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया था।

राजस्थान में दुष्कर्मी का दुस्साहस:रेप के आरोपी ने जमानत पर छूटते ही पीड़ित को जिंदा जलाया, 70% तक झुलसी

मामले में शनिवार को लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया।

मामले में शनिवार को लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया।

सीसीटीवी में दिखा एक युवक

पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में पीड़िता के घर से एक युवक जाता दिख रहा है, लेकिन अभी ये साफ नहीं है कि वो युवक कौन है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

पीड़िता ने दो साल पहले दुष्कर्म का केस कराया था

पीड़िता ने दो साल पहले आरोपी प्रदीप बिश्नोई के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने उस मामले में आरोपी के खिलाफ चालान पेश किया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपी प्रदीप फिलहाल जमानत पर था। उसे राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। गोलूवाला थानाप्रभारी ओमप्रकाश सुथार का कहना है कि पीड़िता की नानी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है।

सीसीटीवी में दिखा अज्ञात युवक। पुलिस इसका पता कर रही है।

सीसीटीवी में दिखा अज्ञात युवक। पुलिस इसका पता कर रही है।

पति से अलग रहती थी मृतका

मृतका ब्यूटी पार्लर चलती थी। कुछ समय से अपने पति से अलग नानी के पास रह रही थी। पीड़िता और राउंडअप प्रदीप बिश्नोई के बीच तीन-चार साल पहले संपर्क में आए थे। दोनों आपस में रुपयों का लेन-देन करते थे। दोनों का एक-दूसरे के यहां काफी आना-जाना था। साल 2018 में पीड़िता ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था। गिरफ्तारी के करीब तीन माह बाद प्रदीप को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। मामला अभी विचाराधीन है। इसमें गवाहों की पेशी हो चुकी है।