सीमावर्ती जिलों से बढ़ती प्रदेश की टेंशन:उदयपुर, डूंगरपुर जिले में बढ़ने लगे कोरोना के केस, 24 घंटे में राजस्थान में मिले 195 मरीज

सीमावर्ती जिलों से बढ़ती प्रदेश की टेंशन:उदयपुर, डूंगरपुर जिले में बढ़ने लगे कोरोना के केस, 24 घंटे में राजस्थान में मिले 195 मरीज

राज्य में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर तेजी से एक्टिव हो रहा है। लोगों की लापरवाही और प्रशासन की ढिलाई का नतीजा है कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। शुक्रवार को पूरे राज्य में 195 नए मरीज मिले हैं। इसमें गुजरात की सीमा से लगते डूंगरपुर, उदयपुर में कुल मिलाकर 79 मरीज सामने आए हैं। हालांकि, स्थानीय रिपोर्ट्स की माने तो डूंगरपुर के सागवाड़ा इलाके में 50 से ज्यादा केस सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सीमावर्ती इलाको में बढ़ते कोरोना केसों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी चिंता जताई है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट को देखें तो आज सबसे ज्यादा मरीज उदयपुर में 43 आए हैं। यहां एक हॉस्टल में 28 बच्चे एक साथ संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा डूंगरपुर में 36 मरीज मिले हैं। दो दिन में पहले यहां सागवाड़ा में भी बड़ी संख्या में कोरोना के मरीज सामने आए थे।

मुख्यमंत्री ने भी जताई चिंता

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद डूंगरपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में बढ़ते मरीजों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि जिस तरह दूसरे राज्यों महाराष्ट्र, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब सहित अन्य राज्यों में कोरोना एक बार फिर तेजी से फैलने लगा है। उसे देखते हुए राजस्थान में सतर्क होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में तो कई जगह लॉकडाउन लगा दिया है और अन्य राज्यों में अन्य सख्ती बढ़ा दी है।

तेजी से बढ़ रहा है एक्टिव केसों का ग्राफ

बीते 9 दिनों से लगातार प्रदेश में कोरोना मरीजाें की संख्या 100 से ज्यादा आ रही है। आज जयपुर में 32, जोधपुर, अजमेर में 10-10, राजसमंद में 12, कोटा में 9, भीलवाड़ा में 8, अलवर, बांसवाड़ा में 7-7 मरीज मिले है। प्रदेश में जैसे-जैसे मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, वैसे-वैसे एक्टिव केसों की संख्या का ग्राफ भी बढ़ रहा है। अब प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1584 पर पहुंच गई।

पिछले 9 दिनों आए कोरोना के केस

तारीख केसों की संख्या

25 फरवरी 128

26 फरवरी 149

27 फरवरी 102

28 फरवरी 156

1 मार्च 119

2 मार्च 102

3 मार्च 215

4 मार्च 152

5 मार्च 195

पूरे स्टेट पर एक नजर

अब तक कोरोना केस : 3 लाख 21 हजार 123

बीमारी से मौत : 2798

ठीक हुए : 3 लाख 16 हजार 750

एक्टिव केस : 1584

सबसे ज्यादा मरीज : जयपुर (59 हजार 692)