नई शुरुआत:दंगल गर्ल सान्या मल्होत्रा के साथ बॉलीवुड डेब्यू करेंगी टीवी एक्ट्रेस श्रुति शर्मा, बोलीं- कुछ दिनों तक यकीन नहीं हुआ कि फिल्म में मेरा सिलेक्शन हुआ है

नई शुरुआत:दंगल गर्ल सान्या मल्होत्रा के साथ बॉलीवुड डेब्यू करेंगी टीवी एक्ट्रेस श्रुति शर्मा, बोलीं- कुछ दिनों तक यकीन नहीं हुआ कि फिल्म में मेरा सिलेक्शन हुआ है

टीवी शो 'नमक इश्क का' की लीड एक्ट्रेस श्रुति शर्मा जल्द ही अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाली हैं। एकता कपूर की आगामी फिल्म 'पगलैट' में वे फिल्म 'दंगल' फेम सान्या मल्होत्रा के साथ नजर आएंगी। दैनिक भास्कर से खास बातचीत के दौरान, श्रुति ने फिल्म से जुड़ी कुछ खास बातें शेयर की। साथ ही उन्होंने सान्या के साथ काम करने का अनुभव भी शेयर किया।

ऑडिशन के साथ टीवी शो में भी व्यस्त थी श्रुति

श्रुति बताती हैं, "कई एक्टर्स की तरह मेरा भी बॉलीवुड में काम करने का ड्रीम था। जब पता चला कि फिल्म 'पगलैट' के लिए ऑडिशंस हो रहे हैं तब मैंने उस मौके को नहीं गवाना चाहा। जिस वक्त मेरा ऑडिशन में सिलेक्शन हुआ उस वक्त मैं किसी और टीवी शो में व्यस्त थी। कुछ दिनों तक मुझे यकीन नहीं हुआ कि फिल्म में मेरा सिलेक्शन हुआ है। सबसे पहले ख्याल आया कि ऐसे कैसे मेरा सिलेक्शन फिल्म में इतनी जल्दी हो सकता है? आखिरकार जब मैंने अपना पहला लुक टेस्ट दिया और मेरे डायरेक्टर ने मुझसे बात की तब जाकर मुझे राहत मिली।"

फिल्म में दोस्तों के बीच का खूबसूरत बांड दिखाया गया है

श्रुति अपने किरदार के बारे में बताती हैं, "मेरे किरदार का नाम नाजिया जैदी है, जो एक आम इंडिपेंडेंट लड़की है लेकिन उसमें डिसीजन मेकिंग की पावर बहुत कच्ची है। ये फिल्म दो दोस्तों की कहानी है, जिसमें सान्या मल्होत्रा का किरदार बहुत ही कॉफिडेंट लड़की का है। फिल्म में वे मेरी डिसीजन लेने में मदद करती है। मैं, संध्या (सान्या मल्होत्रा) को फॉलो करती हूं लेकिन फिल्म में एक ऐसा मोड़ आता है जहां संध्या मुझे देखती और पूछती है कि अब क्या होगा। नाजिया जो कि एक मुस्लिम करिदार है, वो संध्या, टिपिकल हिन्दू के घर कैसे पहुंच जाती है, फिल्म का ये मोमेंट देखना भी ऑडियंस के लिए काफी इंटरेस्टिंग होगा। फिल्म में दोस्तों के बीच का बहुत ही खूबसूरत बांड दिखाया गया है।"

सान्या बहुत ही फोकस्ड हैं अपने काम को लेकर- श्रुति

सान्या मल्होत्रा के साथ काम करने के अनुभव पर श्रुति बताती हैं, "सान्या के साथ काम करने का अनुभव बहुत ही अद्भुत था। वो बहुत ही सादगी भरी और एंटरटेनिंग हैं। सबसे अच्छी बात उनमें ये है कि वे बहुत ही फोकस्ड हैं अपने काम को लेकर। उनके साथ काम करते वक्त एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि हम पहली बार एक साथ काम कर रहे हैं। इतनी फिल्में करने के बावजूद वो बहुत ही नम्रता से सबसे बात करती हैं। वे सेट पर मेरी एक दोस्त की तरह ही रहती हैं।"

खुश हूं कि फिल्म ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो रही है

फिल्म 'पगलैट' बड़ी स्क्रीन की बजाए ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो रही है जिसे लेकर श्रुति बहुत खुश हैं। श्रुति कहती हैं, "मुझे बहुत खुशी है कि ये फिल्म ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो रही है क्योंकि उसकी रीच थिएटर से ज्यादा है। मैं लॉकडाउन को धन्यवाद देना चाहूंगी नहीं तो ये फिल्म पिछले साल ही रिलीज हो जाती। ओटीटी पर आने से फिल्म का सही रिस्पांस पता चलेगा। खुश हूं कि ये फिल्म थिएटर में रिलीज नहीं हो रही है।" बता दें, श्रुति शर्मा 'गठबंधन', 'नजर 2' और 'ये जादू है जिन का' जैसे शोज में नजर आ चुकी हैं।