कोरोना का कहर:उदयपुर में फिर बेकाबू हुआ कोरोना, 432 हुए एक्टिव केस, अब तक 126 की संक्रमण से मौत

कोरोना का कहर:उदयपुर में फिर बेकाबू हुआ कोरोना, 432 हुए एक्टिव केस, अब तक 126 की संक्रमण से मौत

उदयपुर में कोरोनावायरस दिनोंदिन विकराल रूप ले रहा है। शनिवार को उदयपुर में कोरोना विस्फोट हुआ और इस साल के सबसे अधिक 48 संक्रमित मरीज सामने आए। इसके बाद उदयपुर में कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 432 हो गई है। अब तक उदयपुर में संक्रमण से 126 लोगों की मौत हो चुकी है।

उदयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश खराड़ी बताया कि शनिवार को शहर में कुल 1175 व्यक्तियों ने कोरोना जांच कराई थी। इनमें 1127 की रिपोर्ट निगेटिव और 48 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 30 उदयपुर के शहरी और 18 उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले मरीज हैं। इनमें 3 कोरोना वॉरियर्स, 16 क्लोज कांटेक्ट और 29 नए स्थानों पर संक्रमित मरीज मिले हैं।

उदयपुर पुलिस द्वारा कोरोना गाइडलाइन की अवहेलना करने वालों के खिलाफ शनिवार को भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना, मास्क नहीं पहनने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 315 चालान बनाकर कुल 33 हजार 200 का जुर्माना वसूला। इसके साथ ही एमबी एक्ट में पुलिस ने 262 चालान काटे, जिनसे 44,100 रुपए जुर्माना वसूला गया।

उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव पचार ने बताया कि शहर में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसे में हमें और अधिक सजग और सावधान रहने की जरूरत है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस आम लोगों को जागरूक करने के साथ ही लापरवाह लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है, ताकि बढ़ते संक्रमण पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।