पूर्वी राजस्थान पर बना चक्रवाती घेरा: भरतपुर में बूंदाबांदी और अंधड़ ने दिलाई गर्मी से राहत; अब 20 तक आंधी, बादल, बारिश की संभावना
भरतपुर में मौसम ने एकदम पलटी खाई। दिन में चली गर्म हवा और शाम होते-होते मौसम नरमा गया। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस साल मार्च ज्यादा गर्म रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 अधिक तापमान है। इस कारण पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान के ऊपर चक्रवाती घेरा बन गया है। इससे पूर्वी मध्यप्रदेश से लेकर कर्नाटक तक टर्फ लाइन गुजर रही है, इससे पूर्वी राजस्थान में नमी आ रही है, जिस कारण बादल छाए हुए हैं।
गुरुवार को बादलों ने शहर में मामूली बौछार की और अंधड़ आया, भुसावर में ओले गिरे। भुसावर उपखण्ड क्षेत्र में गुरुवार देर शाम अचानक मौसम ने पलटा खाया और तेज हवा बहने लगी। कुछ जगह हल्की बरसात आई तो कहीं हल्के-फुल्के ओले पड़ने की सूचना मिली। मौसम बदलने से किसानों में फसल को लेकर चिंता है। किसान फसल कटाई और इसे उठाने लगे हैं। इधर, दोपहर बाद छितराए बादलों के कारण तापमान में 0.8 डिग्री की कमी आई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बादलों के कारण रात के तापमान में 1.8 डिग्री का इजाफा हुआ है। न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रिकार्ड किया गया।
20 तक आंधी, बादल, बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक 20 मार्च तक मेघ गर्जन के साथ कहीं हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 19-20 मार्च को उदयपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर तथा बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के साथ राजस्थान के ऊपर चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इससे समुद्रीय नमी आ रही है। जिससे अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 20 मार्च तक धूल भरी आंधी भी आ सकती है। साथ ही बिजली भी कड़केगी। इसलिए मौसम में बदलाव आने पर खुले में काम करने से बचें। फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।


