जेल से फोन करके रंगदारी मांगने का मामला बदमाश लवकुश ने माना उसने ही किया था ज्वैलर्स को फोन
श्रीजी ज्वैलर्स के मालिक शैलेंद्र गोयल को फोन करके 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आईएमईआई नंबर के आधार पर पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है। जिससे धमकी दी गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी बदमाश लवकुश ने स्वीकार भी कर लिया है कॉल डिटेल में उसकी ही आवाज है। उसने ही जेल के अंदर से ज्वैलर्स शैलेंद्र को फोन किया था। उसे आज पूछताछ के लिए सेवर पुलिस जेल से प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी।
अनुसंधान अधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि रंगदारी मांगने वाले आरोपी की शिनाख्त हो गई है। मंगलवार को कोर्ट के आदेश से मथुरा निवासी लवकुश उर्फ लब्बू पुत्र गोविंदा सिंह को रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद ही पता लगाया जा सकेगा कि बदमाश लवकुश के पास जेल में अंदर मोबाइल कैसे पहुंचा।
जेल के बाहर उसके कौन-कौन साथी बदमाश हैं, जिनके जरिए वह रंगदारी वसूलता है। इधर पीडित शैलेंद्र गोयल और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए दो सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं। दूसरी ओर, जेल प्रशासन ने लवकुश उर्फ लब्बू के खिलाफ जेल में अवैध रूप से मोबाइल लाने और उसके इस्तेमाल करने का मामला दर्ज कराया है।


