ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान:अफसरों ने खेतों में देखे ओलों से फसल बर्बादी के निशान; किसानों ने जल्द मुआवजा मांगा
बयाना क्षेत्र के कई गांव में हुई ओलावृष्टि से गेहूं व सरसों की फसलों को नुकसान हुआ है। मंगलवार को एडीएम बीना महावर, एसडीएम सुनील आर्य, तहसीलदार गिर्राज प्रसाद बंसल ने कृषि व राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ खरैरी, बागरेन, गाजीपुर आदि गांव का दौरा कर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। मौके पर खरैरी सरपंच प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह जादौन ने अधिकारियों को बताया कि सरसों व गेहूं की फसल में 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है।
वहीं पान की फसल तो पूरी तरह से तबाह हो गई हैं। कृषक बिहारी नेकेला, कृपाल सिंह, सत्यवीर ठाकुर, विजय सिंह, सोहनलाल, हनुमान दास आदि ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की कमर टूट गई है। किसानों ने जैसे तैसे मेहनत करके फसलें उगाई थी, लेकिन ओलावृष्टि ने 15 मिनट में ही उनके अरमानों पर पानी फेर दिया।
उधर, गांव नहरौली के दर्जनों किसानों ने मंगलवार को बयाना पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन देकर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आंकलन करा मुआवजा देने की मांग की है। एसडीएम सुनील आर्य ने बताया कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


