बयाना के नगला भांड का मामला:3 लाख रुपए में खरीदी दुल्हन 13 दिन में फरार

बयाना के नगला भांड का मामला:3 लाख रुपए में खरीदी दुल्हन 13 दिन में फरार

थाना क्षेत्र के गांव नगला भांड में एक अधेड़ को तीन लाख का झांसा देकर दुल्हन, बिचौलिए व उसके भाई फरार हो गए। पीड़ित ने इस्तगासे के जरिए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार नगला भांड निवासी नारायण सिंह गुर्जर पुत्र किशनलाल ने रिपोर्ट में बताया कि धौलपुर जिले के डांग बसई थाना क्षेत्र के गांव भगतपुरा निवासी हरीसिंह गुर्जर उसका परिचित था जो गत 6 मार्च को उसके घर आया और मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के थाना घाटेगांव इलाके के गांव लौंदुपुरा निवासी जीतू व रामदीन गुर्जर दो भाइयों को अपनी जान-पहचान वाला बताते हुए उनकी बहन सुनीता के साथ उसकी शादी कराने की बात कही।

हरि सिंह ने कहा कि शादी कराने की एवज में 3 लाख रुपए मांगे। पीड़ित नारायण सिंह ने बताया कि उसके रुपए देने की हां करने के बाद 9 मार्च की शाम करीब 5 बजे हरि अपने साथ जीतू,रामदीन और उनकी बहन सुनीता को लेकर उसके घर आ गया। वहां उन्होंने शादी की बातचीत कर 3 लाख नगद लेने की बात कही और घर पर ही शादी की औपचारिकता कराई। रुपए लेने के बाद हरि, जीतू व रामदीन तीनों सुनीता को उसके पास छोड़ कर चले गए।

पीड़ित ने बताया कि इसके बाद 22 मार्च को शाम करीब 6 बजे वह शौच करने के लिए जंगल में गया था। पीछे से सुनीता घर पर अकेली थी। जब वह लौटा तो सुनीता घर पर नहीं मिली। आस-पड़ोस और रिश्तेदारों में काफी तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद नारायण सिंह ने अपनी सुनीता के भाई जीतू व बिचौलिए हरि को फोन किए तो उन्होंने ये कहकर बात टाल दी कि हमने तो शादी कर दी।

अब उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी आपकी है। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने दोबारा फोन नहीं करने की भी धमकी दी। रिपोर्ट में पीड़ित का आरोप है कि हरि, जीतू, रामदीन व सुनीता ने षडयंत्र पूर्वक शादी का झांसा देकर उसके साथ 3 लाख की ठगी की है।