रेगिस्तान में कश्मीर जैसी बर्फबारी:राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश, सोनलिया धोरों पर बिछी बर्फ की चादर; 11-12 को राजधानी सहित कई जिलों में बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन भी जमकर बारिश हुई। इस दौरान कई हिस्सों में बर्फबारी भी हुई। इससे मौसम में ठंडक घुल गई। कुछ हिस्सों में बर्फ इतनी जबर्दस्त पड़ी की सोनलिया धोरों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। विभाग का कहना है कि मौसम का मिजाज कल भी ऐसे ही बदल सकता है।
संभाग के श्रीगंगानगर से सटे क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का असर ज्यादा नजर आया है। खासकर महाजन तहसील के कई गांवों में बर्फबारी नजर आई। समीपवर्ती गांव सुई ,बख्खूसर में भारी ओलावृष्टि हुई है। यहां ऊंचे-नीचे मिट्टी के टीले बर्फ से सराबोर हो गए। जयमलसर में भी हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। आधा घंटे तक लगातार हुई बारिश ने यहां भी सर्दी का अहसास करा दिया।
अलवर में भी बड़े-बड़े ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
अलवर में भी बड़े-बड़े ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों की चिंता बढ़ी, चने की फसल को नुकसान
ओले गिरने के बाद किसानों के लिए चिंता बढ़ गई है। दरअसल, इस समय खेत में चने की फसल है। पकाई के कगार पर है। ऐसे में ओले गिरने से चने खराब होने की आशंका है। महाजन, लूणकरनसर, जयमलसर, मोमासर सहित कई क्षेत्रों में फसलों को नुकसान हो सकता है।
मौसम विभाग- बारिश के साथ ओले गिरेंगे
मौसम विभाग ने 11 और 12 मार्च को अजमेर, जयपुर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझनूं, करौली, सीकर, टोंक, दौसा, भीलवाड़ा, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। ओलावृष्टि, बिजली गिरने व बादल गरजने के भी आसार हैं।


