1 मई से 18 साल से ऊपर के सभी लोग करवा सकेंगे टीकाकरण; ओपन मार्केट में भी बेची जा सकेगी वैक्सीन
कोरोना के कहर के बीच सोमवार को अच्छी और बुरी...दोनों तरह की खबरें आईं। अच्छी खबर ये है कि 1 मई से 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोग वैक्सीन लगवा सकेंगे। केंद्र सरकार ने यह बड़ा ऐलान किया। वैक्सीन बनाने वाली कंपनियां अपनी 50% सप्लाई केंद्र को करेंगी। बाकी 50% सप्लाई वे राज्य सरकारों को दे सकेंगी या उसे ओपन मार्केट में बेच सकेंगी। वैक्सीनेशन के लिए कोविन के जरिए रजिस्ट्रेशन पहले की तरह जरूरी रहेगा।
वहीं, बुरी खबर ये है कि प्रदेश में सोमवार को रिकॉर्ड 11967 नए संक्रमित मिले और 53 मौतें हुईं। ये दोनों ही अब तक के सबसे बड़े आंकड़े हैं। वहीं, जयपुर में 2011 नए रोगी मिले, प्रदेश के किसी भी जिले में पहली बार दो हजार से ज्यादा नए संक्रमित सामने आए हैं। जोधपुर में सर्वाधिक 13 और जयपुर में 11 मौतें दर्ज की गईं। प्रदेश में 6 दिन के अंदर ही एक्टिव रोगी ठीक दोगुने हो चुके हैं। 13 अप्रैल को 40690 एक्टिव रोगी थे, जो सोमवार को बढ़कर 76641 हो गए। एक्टिव रोगियों की दर उछलकर 18% पर पहुंच गई जो देश में पांचवी सर्वाधिक है।
राजस्थान में सोमवार को अब तक के सर्वाधिक 11967 नए रोगी मिले लेकिन ठीक होने वाले रोगी मात्र 2408 है। रिकवरी दर घटकर के 81.28% हो गई है। राजस्थान में सोमवार को मात्र 40180 सैंपल लिए गए और इस कारण पॉजिटिव दर बढ़कर 29.78% हो गई जो अब तक की सर्वाधिक है। 1 सप्ताह पहले 1 दिन में 5528 रोगी मिले थे जबकि अब ठीक उसके दोगुने हो चुके हैं। इसी दर से कोरोना बढ़ा तो अगले 7 दिन बाद 25 अप्रैल बाद प्रतिदिन 25000 से अधिक पॉजिटिव मिलने के हालात बन सकते हैं। 13 अप्रैल को प्रदेश में 28 मौतें हुई थीं, जो अब वह 53 तक पहुंच गईं यानी मौतों के लिहाज से भी प्रति सप्ताह दोगुनी वृद्धि शुरू हो गई है।


