नागौर में हालात संभालने की कवायद: कलेक्टर ने इंडस्ट्रीज में काम आ रहे ऑक्सीजन सिलेंडर अधिग्रहण के दिए निर्देश
जिले में कोरोना का संक्रमण फैलता जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में कोरोना पीड़ितों के लिए ऑक्सीजन की कमी न हो इसलिए गुरुवार को नागौर कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने जिले के सभी SDM से चर्चा की। जिसमें सभी को अपने-अपने क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में काम में लिए जा रहे ऑक्सीजन सिलेंडरों का अधिग्रहण करके कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर सोनी ने कहा कि ऑक्सीजन सिलेंडरों की प्राथमिकता नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिए है। इसलिए सभी SDM अपने-अपने क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में काम में लिए जा रहे ऑक्सीजन सिलेंडरों को अधिग्रहण करें। जिसे चिकित्सा विभाग को उपलब्ध करवाएं। इस दौरान उन्होंने रीको, चिकित्सा और दूसरे विभागों के अधिकारियों को भी औद्योगिक इकाइयों में काम आने वाले सिलेंडरों को कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए चिकित्सा विभाग को सुपुर्द करने के निर्देश दिए हैं।
उद्यमियों से भी मानव कल्याण के लिए आगे आने की अपील
बैठक के दौरान डाॅ. सोनी ने जिले के सभी उद्यमियों से भी अपील की है कि इस संकटकाल में मानव कल्याण के लिए वे आगे आएं। स्वयं ही अपने ऑक्सीजन सिलेंडरों को चिकित्सा विभाग को उपलब्ध करवा दें। बैठक में ADM मनोज कुमार, जिला परिषद CEO जवाहर चौधरी, सहायक कलेक्टर रामजस विश्नोई, CMHO डाॅ. मेहराम महिया, JLN हॉस्पिटल PMO डॉक्टर शंकरलाल, क्षेत्रीय प्रबंधक RICCO विपोन मेहता व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


