पांच पॉजिटिव कैदी अस्पताल से भागे: छत के दरवाजे से बाहर निकले, मॉर्चरी की छत पर कूदकर फरार हो गए पांचों कैदी
जिला चिकित्सालय में क्वारैंटाइन किए गए पांच कैदी अल सुबह कोविड सेंटर से फरार हो गए। पाचों विचाराधीन कैदी थे। जो सुबह करीब 4.30 बजे कोविड सेंटर के छत के दरवाजे से भाग निकले। गार्ड को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर एडिश्नल एसपी हिम्मत सिंह देवल, डिप्टी मनीष शर्मा और थाना अधिकारी दर्शन सिंह मौके पर पहुंचे।
दरअसल, चिकित्सालय में कैदियों के लिए अलग से क्वारैंटाइन सेंटर बना है। जहां विचाररत कोविड-19 पॉजिटिव बन्दियों को जेल में डालने से पहले क्वॉरेंटाइन किया जाता है। पांचों कैदी कुलदीप, पिंटू, मुकेश उर्फ पप्पू, संजय, पप्पू अलग-अलग थानों में पकड़े गए थे। इन को गिरफ्तार करने के बाद इनका सैंपल लिया गया था। जो पॉजिटिव आया था।
सुबह अन्य कैदी ने गार्ड को दी सूचना
सुबह एक अन्य कैदी ने गार्ड को पांचों के फरार होने की सूचना दी। जब गार्ड ने अंदर जाकर देखा तो पांच कैदी मौके पर नहीं थे। जांच करने पर पता चला कि कैदियों ने छत के दरवाजे को ऊंचा कर दिया था। इसके बाद छत के रास्ते से पास के मोर्चरी गृह के छत पर छलांग लगाकर भाग निकले। मोर्चरी गृह के छत की ऊंचाई भी काफी कम है, इसलिए उन्हें भागने में भी आसानी हुई।
घटना की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम से बोलकर पूरे शहर में नाकाबंदी शुरू कर दी। इसके साथ ही एडिशनल एसपी ने तुरंत दरवाजे को वेल्डिंग कर पूरी तरह से बन्द करने के लिए कहा। अभी तक बन्दियों का पता नहीं चला। बता दे कि इससे पूर्व भी 2020 में भी दो बंदी क्वारंटाइन सेंटर के कांच की खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे, हालांकि दोनों बन्दियों को फिर से पकड़ लिया गया था।


