शिक्षा विभाग: पदोन्नत व्याख्याताओं को अभी तक नहीं मिली पोस्टिंग, 13 हजार शिक्षकों के तबादलों भी अटके

शिक्षा विभाग: पदोन्नत व्याख्याताओं को अभी तक नहीं मिली पोस्टिंग, 13 हजार शिक्षकों के तबादलों भी अटके

शिक्षा विभाग में स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले 36 हजार शिक्षकों के तबादले चुनाव आचार संहिता के कारण नहीं हो पाए हैं। वही पदोन्नत 3177 लेक्चरर को पोस्टिंग भी नहीं मिल पाई है।

शिक्षा विभाग में तबादलों के लिए चार हजार प्रिंसिपल-एचएम, 13 हजार लेक्चरर, 17 हजार सेकंड ग्रेड टीचर और दो हजार मंत्रालयिक कर्मचारियों ने आवेदन किया था। वहीं राज्य सरकार ने 31 अक्टूबर तक तबादलों से रोक हटाई है। जो कि अब समाप्त हो चुकी है। गुरुवार को प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग अनुभाग- एक के मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

आदेश के मुताबिक तबादलों पर रोक के बाद भी अपने स्तर पर यदि तबादले किए तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। इस बारे में सभी विभागों को मुख्य सचिव द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि राज्य हित में आवश्यक होने पर प्रशासनिक सुधार विभाग की अनुमति लेकर स्थानांतरण किए जा सकेंगे।

तबादले नहीं होने से लंबे समय से अपने घर से दूर अन्य जिले में बैठे शिक्षक मायूस हैं। शिक्षक नेताओं ने प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग से अनुमति लेकर शिक्षकों के तबादले करने की मांग की है।