10वीं पास लड़के दुबई में बैठे लोगों से करते ठगी: शाम या फिर रात में मोबाइल पर भेजते थे लिंक, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते, दुबई के 4 लोगों को बनाया शिकार
अलवर, भरतपुर व दौसा के शाहर गांव में बैठ सेक्सटॉर्शन में फंसाने वाले बदमाशों ने दुबई में बैठे लोगों को भी शिकार बनाया है। अलवर पुलिस को दुबई के 4 लोगों ने शिकायत की है। अमेरिका के टेक्सास शहर का एक व्यक्ति पहले ही अलवर पुलिस को शिकायत कर चुका है। इसके बाद पुलिस ने एक दिन पहले ही दौसा के कोट गांव के 6 बदमाशों सहित कुल 8 जनों को गिरफ्तार किया है। ये 8 बदमाश ही फर्जी बैंक खातों से ब्लैैकमेलिंग का करीब 15 करोड़ रुपए ठग चुके हैं।
दुबई में बैठे लोगों से भी ठगी
पुलिस ने बताया कि दुबई से शिकायत करने वाले भी एनआरआई हैं। ये बदमाश फेसबुक, वाट्सएप, मैसेंजर सहित कई तरीकों से सामने वाले के पास मोबाइल नम्बर भेजते हैं। कभी लिंक भेजकर भी सामने वाले को रिझाने का प्रयास करते हैं। ताकि वह एक बार उनसे कैसे भी करके बात कर लें। जिसके लिए ये अधिकतर शाम का समय तय करते हैं। काफी लोग शाम के समय या रात के समय फ्री होने पर ऐसे मैसेज पर एक बार क्लिक कर बात कर लेते हैं। उनकी न्यूड वीडियो बनने के बाद फिर उनसे तुरंत पैसे मांगे जाते हैं। काफी लोग पैसे इनके बताए बैंक खाते में जमा करा देते हैं। ये तब तक पैसे मांगते रहते हैं जब तक सामने वाला देता है। पुलिस को शिकायत करने के बाद ये सिम बदल लेते हैं।
अलवर पुलिस 60 से अधिक को पकड़ चुकी
अलवर पुलिस अबत करीब 50 से60 ब्लेकमेलर को पकड़ चुकी है। पिछले कई माह से आईपीएस विकास सांगवान के नेतृत्व में अलवर जिले की पुलिस सक्रिय है। इनके प्रयासों से कई बड़े गिरोह को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार अलवर, भरतपुर, दौसा तक बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं। जो दिन-रात न्यूड वीडियो बनाकर ब्लेकमेल कर रकम एंठने में लगे हैं।
हर बार नया गिरोह
पुलिस को पिछले 6 माह में हर बार कहीं न कहीं से नया गिरोह पकड़ में आया है। जिससे साबित होता है कि बड़ी संख्या में युवक इस गैर कानूनी काम को करने में लगे हैं। यह अलवर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। पुलिस के पास आए दिन इस तरह की शिकायत भी आती हैं। हाल में पकड़ा गया गिरोह भी पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है।

हाल में पकड़े गिरोह की जानकारी
शिवाजी पार्क थानाधिकारी हरिसिंह ने बताया कि बदमाश साजिद उर्फ धाेला, अशफाक, राशिद उर्फ छुट्टो, गफरूद्दीन उर्फ सोयब, सैफ अली उर्फ सैफू तथा अकरम निवासी काेट थाना मंडावर, माेइन पुत्र सिराज अहमद निवासी देशवाली माेहल्ला दाैसा व माेइन पुत्र इरफान निवासी शास्त्री नगर जयपुर काे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
7वीं पास भी और पॉलिटेक्निक पास भी
सैफ अली ने सिविल ट्रेड से पॉलिटेक्निक है, गफरुद्दीन बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। अकरम व दाैसा निवासी माेइन तथा जयपुर निवासी माेइन 12वीं तक पढ़े हैं। साजिद 10वीं व राशिद 7वीं तक पढ़ा है।
अब गाड़ियों में घूमते फिरते भी
पूछताछ में यह सामने आया है कि ये बदमाश अब घराें की छत, चाय की थड़ी, जंगल में पेड़ के नीचे बैठकर तथा गाड़ियों में घूमते-फिरते समय सोशल मीडिया के जरिए अनजान लाेगाें को लड़की बनकर हाय-हैलाे के मैसेज व रिक्वेस्ट भेजकर उनसे दोस्ती करते हैं। जब भी कॉल अटेंड होता है वहीं वीडियो बनाने में लग जाते हैं। सबने काम बांट रखा है। कुछ कॉल करते हैं। एक दो धमकी देते हैं। पैसे आने के बाद दूसरे लोग बैंक से पैसे निकालते हैं।


