नाबालिग से 5 लोगों ने किया गैंगरेप खेत से सोती हुई किशोरी को उठा सुनसान जगह ले गए, पशुओं के चारे में भी लगाई आग
भरतपुर के लखनपुर थाना इलाके से एक नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। नाबालिग अपने पिता और भाई के साथ खेत में बनी कोठरी में सो रही थी। तभी वहां गांव के कुछ लोग आए और उठाकर सुनसान जगह ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया और फरार हो गए। घटना का पता लगने के बाद बच्ची के परिजनों ने लखनपुर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
नाबालिग के पिता ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि वह अपने बेटे और नाबालिग बेटी के साथ खेत की कोठरी में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे वहां गांव के 5 लोग आए और उनके खेत में रखे पशुओं के चारे में आग लगा दी और खेत के पास जंगल में छुप गए। चारे में आग लगने के बाद नाबालिग का पिता और भाई आग बुझाने लगे। इस दौरान जंगलों में छुपे आरोपी आए और उनकी बेटी को कोठरी से उठाकर जंगल में ले गए, जहां उसके साथ 5 लोगों ने गैंगरेप किया। इसके बाद नाबालिग को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।
चारे में लगी आग बुझाने के बाद वो कोठरी में पहुंचे तो वहां नाबालिग नहीं मिली। इस पर उन्होंने आसपास उसको ढूंढा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। थोड़ी देर बाद नाबालिग अपने पिता के पास पहुंची और आपबीती बताई। मंगलवार को नाबालिग के पिता ने लखनपुर थाने में गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस नाबालिग द्वारा बताए गए हुलिये के मुताबिक पांचों आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।


