ATM लूट गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार:कई जिलों में एटीएम से लूट चुके हैं 57 लाख रुपए; अभी तक कर चुके हैं 12 से ज्यादा वारदात
भिवाड़ी पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुकी एटीएम गैंग का भिवाड़ी पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ये बदमाश अभी तक दो दर्जन से ज्यादा एटीएम लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं साथ ही अभी तक करीब 57 लाख रुपए से ज्यादा की रकम एटीएम को गैस कटर से काटकर पार कर चुके हैं।
भिवाड़ी पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए इन दो बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है, इन बदमाशों के द्वारा गत 3 महीनों में ही नीमराणा बहरोड हाईवे सहित टपूकड़ा में करीब आधा दर्जन से ज्यादा सिलसिलेवार हुई एटीएम लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। भिवाड़ी पुलिस ने इस गैंग के सरगना सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
भिवाड़ी पुलिस जिला स्पेशल टीम के प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि गैस कटर से एटीएम काटकर रुपए उड़ाने वाली कुख्यात इरफान अब्बल गैंग के दो शातिर बदमाश सोलाका मुंडकटी पलवल के रहने वाले मुरसलीम 22 पुत्र अब्दुल करीम मेव और दोरखी फिरोजपुर झिरका के रहने वाले सालम 23 पुत्र इस्ताक मेव को गिरफ्तार किया गया है।
अभी हाल ही में गत तीन महीनों के दौरान नीमराणा बहरोड हाईवे पर गैस कटर से काटकर हुई एटीएम की लूट की वारदातों के सभी घटनास्थल से फुटेज चैक किए गए और सभी जगह से सीसीटीवी फुटेज लेने का टास्क कांस्टेबल मनोज व संजय को दिया गया, जिन्होंने वारदात के लिए बदमाशों के आने-जाने वालों रास्तों को चिह्नित किया गया। इसके साथ ही तकनीकी डाटा एकत्रित करने का कार्य हेड कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल कृष्ण ने गहनता से करके उच्चाधिकारियों को अवगत कराया साथ ही मेवात में एटीएम को काटने में सक्रिय गैंग्स को भी चिह्नित किया गया।
हैड कांस्टेबल योगेश, सतपाल, ओमप्रकाश व कानिस्टेबल महेश को मेवात की सक्रिय गैंग के संबंध में सूचनाएं एकत्रित करने का टास्क दिया गया। जिन्होंने मेवात क्षेत्र में लोगों के बीच रहकर गुप्त तरीके से सभी प्रकार की सूचनाएं एकत्रित की।
इस तरह बनाते थे वारदात की प्लानिंग
इस पूरी गैंग में करीब एक दर्जन से ज्यादा बदमाश शामिल है। इनमें गिरोह का मुख्य सरगना इरफान अपने साथी बल्ली के पास उसके गांव घासेडा में आता था। जहां बल्ली का चचेरा भाई अपनी काले रंग की वरना कार लेकर आता था। डीएसटी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों वरना कार वाला अपने आपको पूर्व सरपंच अशरफ का भतीजा बताता था। जिस कार में इरफान के साथ एटीएम की रैकी करने राजस्थान आते थे। गांव से निकलकर इस कार पर आरजे 14 नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगा लेते थे। इस रैकी में आने-जाने के सभी रास्तों को बारिकी से कवर कर लेते थे। उसके बाद इरफान गैंग के अन्य सदस्यों को वारदात करने का दिन बता देता था और तय किए गए दिन वाली रात में सभी सदस्य बल्ली के गांव घासेडा में एकत्रित होते थे। जहां सरगना द्वारा सभी को एटीएम काटकर लाने की प्लानिंग समझाई जाती थीं। वहां मुरसलीम अपनी ब्रेजा कार लेकर आता था। जिससे सभी वारदातों को अंजाम दिया गया है । मुरसलीम को उसकी ब्रेजा गाडी के किराए के 50 हजार रुपए दिए जाते थे। वारदात के समय गैंग अपने साथ हथियार भी रखती थी।
ऐसे काटते थे एटीएम
गैंग के सभी सदस्य पहले से रैकी किए हुए एटीएम बूथ पर आधी रात को पहुंचते थे। जहां अब्बल बूथ के अंदर व बाहर के कैमरों पर काले रंग से स्प्रे करता था । बल्ली बाहर खड़ा होकर गाडी को स्टार्ट रखता था। गैंग के दो सदस्य राहगीरों व पुलिस के आने जाने पर निगरानी रखते थे। इसके बाद इरफान गैस कटर लेकर अंदर जाता और केवल 5 मिनट में ही वारदात को अंजाम दे देता था। एटीएम की रुपयों से भरी ट्रे निकालकर मौके से पहले से रैकी किए हुए रास्तों से फरार हो जाते थे।
मंगलवार को भिवाड़ी पुलिस जिला की स्पेशल टीम को सूचना मिली की जयपुर, भिवाडी, अलवर व भरतपुर में एटीएम काटने वाली गैंग के दो सदस्य सालिम और मुरसलीम रैकी करने जा रहे हैं, जो भिवाडी शहर से होकर गुजरेंगे। इस सूचना पर पुलिस स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डीएसटी प्रथम व द्वितीय टीम ने दोनों आरोपियों को दस्तयाब कर हिरासत में लिया और पूछताछ की गई, तो उन्होंने जयपुर, भिवाडी, अलवर व भरतपुर में एटीएम काटने की वारदातें करना स्वीकार किया है। फिलहाल भिवाड़ी पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने आगे की कार्रवाई के लिए दोनों ही आरोपियों को बहरोड़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया है ।
बदमाशों ने 1 वर्ष में करीब एक दर्जन से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। जिनमें गत वर्ष 3 मार्च को जयपुर ग्रामीण में आईसीआईसीआई बैंक एटीएम काटकर लूटने का प्रयास किया गया, तो वही 8 मार्च को शाहपुरा में पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटकर 10 लाख रुपए लूटे थे। इसी तरह 8 मार्च को ही जयपुर शहर में एक्सिस बैंक का एटीएम लूटने का प्रयास किया गया था, गत वर्ष 11 अगस्त को भरतपुर में मथुरा गेट पर पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटकर करीब 16 लाख रुपए लूट लिए थे, 30 अक्टूबर को जयपुर ग्रामीण में बीओआई बैंक का एटीएम काटकर करीब 15 लाख रुपए लुटे थे। इसी तरह 18 नवंबर को शाहपुरा में उज्जीवन फाइनेंस बैंक के एटीएम को भी लूटने का असफल प्रयास किया था, साथ ही गत वर्ष 28 दिसंबर को बहरोड में एसबीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखे करीब 16 लाख रुपए लूट लिए गए थे। इसी तरह 9 जनवरी को जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा में एसबीआई बैंक का एटीएम काटने का सफल प्रयास भी इनके द्वारा किया गया था। 17 जनवरी को नीमराना में एक्सिस बैंक का एटीएम काटने का भी असफल प्रयास किया गया।
इस साल 19 जनवरी को भिवाड़ी के टपूकड़ा में पीएनबी बैंक के एटीएम को भी इस गैंग के द्वारा काटने का असफल प्रयास किया गया था ,24 जनवरी को अलवर में कोतवाली थाना के अंतर्गत उत्कर्ष फाइनेंस बैंक के एटीएम को भी काटने का प्रयास हुआ था , इसी तरह 24 जनवरी को अलवर में एनईबी थाना के अंतर्गत देना बैंक के एटीएम को भी काटने का प्रयास किया था , इसी तरह 17 जनवरी को नीमराणा में भी एक्सिस बैंक के एटीएम को काटने का असफल प्रयास इन बदमाशों के द्वारा किया गया था।
इसके अलावा भी एटीएम काटने की दो दर्जन से ज्यादा वारदातें इन बदमाशों के द्वारा की जा चुकी है। फिलहाल दोनों ही आरोपियों को भिवाड़ी पुलिस जिला स्पेशल टीम ने बहरोड़ पुलिस को सुपुर्द कर दिया है और पुलिस अन्य वारदातों के खुलासे के लिए व लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए साथ ही गैंग के अन्य साथियों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
Naresh Chouhan 

