19 फरवरी को परीक्षा:सीएचओ भर्ती के लिए 92 हजार अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, तीन शहरों में होगी परीक्षा
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 19 फरवरी को कम्यूनिटी हैल्थ ऑफिसर भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए 92049 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन की संख्या कम होने के कारण यह भर्ती परीक्षा प्रदेश के केवल 3 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसमें जयपुर, अजमेर और कोटा शामिल हैं। बोर्ड की ओर से 19 फरवरी को केवल एक पारी में इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। सोमवार से इस परीक्षा के ई प्रवेश पत्र डाउनलोड होना शुरू हो गए हैं। बोर्ड ने परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली है। बोर्ड का कहना है कि परीक्षा के निर्धारित समय से एक घंटा पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी समय का विशेष ध्यान रखें।
सीएचओ के 3,531 पद, 1 पद के लिए 26 अभ्यर्थियों में मुकाबला
बोर्ड की ओर से पहली बार यह संविदा आधारित भर्ती की जा रही है। इस भर्ती में सीएचओ के कुल 3531 पद हैं। इन पदों के लिए 92049 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस तरह से औसतन इस भर्ती में एक पद के लिए 26 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला रहेगा।
सबसे ज्यादा केंद्र और अभ्यर्थी जयपुर जिले में
चयन बोर्ड ने प्रदेश के 3 शहरों में कुल 261 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इसमें सबसे अधिक केंद्र और अभ्यर्थियों की संख्या जयपुर में है। जयपुर में 161 केंद्रों पर 60129 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा कोटा में 31 केंद्रों पर 8688 अभ्यर्थी और अजमेर में 69 केंद्रों पर 23232 अभ्यर्थी भाग्य आजमाएंगे।
परीक्षा में ये सावधानियां बरतें
- परीक्षा के तय समय से डेढ़ घंटा पहले केंद्र पर पहुंचे।
- सुबह 9:30 बजे केंद्र पर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
- मास्क लगाकर पहुंचे। बिना मास्क प्रवेश नहीं होगा।
- ई-प्रवेश पत्र, फोटो युक्त मूल पहचान पत्र, रंगीन फोटो और नीली स्याही का पारदर्शी बॉल पेन लेकर जाएं।
- गाइडलाइन में दिए गए ड्रेस कोड का पालन करें।
- परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर चलने वाले भ्रामक प्रचार पर विश्वास नहीं करें।
- बोर्ड की वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही सही मानें।
Naresh Chouhan 

