महिलाओं से बदसलूकी का आरोप लगा कर्मचारियों को कमरे में बंद किया फिर फाइनेंस कंपनी से 11 लाख रुपए लूट ले गए बदमाश
जिले के नीमकाथाना में गुरुवार को बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में घुसकर 11 लाख रुपए लूट लिए। तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी करके आरोपियों की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर भारत फाइनेंस कंपनी के ऑफिस पहुंचे। बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर महिलाओं से बदसलूकी का आरोप लगाया। कर्मचारियों को धमकाते हुए बदमाश ने तमंचे के बल पर सभी कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान कैशियर से सेल्फ की चाबी भी ले ली। इसके बाद फाइनेंस कंपनी में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

मकान मालिक मौके पर पहुंचा तो कर्मचारी बंद मिले
जिस घर में फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है, उसका मालिक कुछ देर बाद मौके पर पहुंचा। आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो अंदर जाकर देखा। जहां कर्मचारी एक कमरे बंद मिले। इसके बाद पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी गई। पूछताछ के लिए कंपनी के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।



