मशीन में करंट आने से मजदूर की मौत, मशीन बंद हुई तब पता चला
वंदे मातरम चौक के आगे आरटीओ ऑफिस रोड पर निर्माणाधीन दुकान पर घिसाई का काम करने के दौरान मशीन में करंट आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। 26 वर्षीय मृतक ओमप्रकाश पुत्र जगदीश सैनी निवासी जमना की ढाणी राधाकिशनपुरा के शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम गुरुवार को होगा। उद्योग नगर थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि ओमप्रकाश यहां राजकुमार की निर्माणाधीन दुकान की छत पर मशीन से घिसाई कर रहा था और वह बुधवार को ही काम पर आया था।
शाम को चार बजे दुकान मालिक राजकुमार का बेटा छत पर काम कर रहे ओमप्रकाश को चाय देने के लिए गया तो ओमप्रकाश ने कहा कि वह नीचे ही आ रहा है। इसके 20 मिनट बाद भी ओमप्रकाश जब नीचे नहीं आया तो वापस उसका बेटा उसे देखने के लिए छत पर गया तो वह मृत पड़ा था और मशीन भी बंद पड़ी थी।मौके पर पहुंचे हैड कांस्टेबल रामकृष्ण ने बताया कि घिसाई करने के दौरान अचानक मशीन में करंट आ गया और ओमप्रकाश खचपेट में आ गया। घटना के बाद ओमप्रकाश के परिजन भी मौके पर आ गए। उन्होंने पुलिस काे रिपोर्ट दी है।


