महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय की 15 से हो सकती हैं परीक्षाएं, 2 घंटे की परीक्षा में लिखने होंगे 3 प्रश्नों के उत्तर

महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय की 15 से हो सकती हैं परीक्षाएं, 2 घंटे की परीक्षा में लिखने होंगे 3 प्रश्नों के उत्तर

भरतपुर: महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय की परीक्षाएं अब 15 सितंबर से हो सकती हैं। परीक्षा का समय 3 के बजाए 2 घंटे रहेगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मूल्यांकन का तरीका भी छात्रों की सहुलियत के हिसाब से ही रखा गया है। यह निर्णय गुरुवार को डीन की मीटिंग में लिया गया। इसका प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए कुलपति को भेजा गया है। दो-तीन दिन में परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि यूजीसी और न्यायालय के आदेशानुसार 30 सितंबर तक स्नातक और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कराई जानी हैं।

डीग अस्पताल में प्रसूताओ से मिठाई के नाम पर अवैध वसूली के मामले में सीएमएचओ डॉ कप्तान सिंह ने किया औचक निरीक्षण (यह भी पढ़ें)

इसके तहत बृज विश्वविद्यालय को भी भरतपुर-धौलपुर के करीब 27 हजार विद्यार्थियों की परीक्षा करानी है। इस संबंध में पिछले दिनों हुई एकेडमिक काउंसिल की मीटिंग में 7 सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई थी। इस कमेटी में सभी डीन और परीक्षा प्रकोष्ठ के अधिकारियों को शामिल किया गया था। डीन कमेटी की मीटिंग में परीक्षाएं 15 सितंबर से कराने और समय दो घंटे ही रखने पर फैसला हुआ।

साथ ही पर्यावरण सहित अन्य ऐसे विषय जिनकी पहले से ही दो घंटे की परीक्षा होती थी उसमें कोई फेरबदल नहीं किया गया है। परीक्षाएं दो पारियों में कराना तय किया गया है। पहली पारी में स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा होगी। जिसका समय सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक रहेगा। जबकि दूसरी पारी में स्नातकोत्तर फाइनल की परीक्षा होगी।

जिसका समय दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक रहेगा। बीच के समय में परीक्षा केंद्रों को सेनेटाइज कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों की संख्या सामान्य से डेढ़ गुनी रखी जाएगी।