उत्तर भारत कपकपाया: पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में ठंड की दस्तक

उत्तर भारत कपकपाया: पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में ठंड की दस्तक

देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर पारा शून्य के नीचे चला गया जबकि उत्तरी राज्यों में दिसंबर की ठंड ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले दो-तीन दिनों में उत्तर भारत में रात के तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस पास के राज्यों में भी ठंड असर देखने को मिलेगा। हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर पश्चिम राजस्थान में भी तापमान में गिरावट के साथ ठंड की स्थिति बनी रहेगी। तापमान गिरने से उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में कोहरे का असर दिखाई देगा। उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।जबकि 16 से 18 दिसंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और लक्षद्वीप में बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा पहाड़ी राज्यों की बात करें तो कश्मीर घाटी में ज्यादातर स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग जम्मू कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 9 डिग्री नीचे चला गया है। श्रीनगर में सोमवार को पारा शून्य से नीचे 1.4 डिग्री तक लुढक गया। साथ ही हिमाचल प्रदेश के केलांग, कल्पा और मनाली में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।