जोधपुर पोलो सीजन में जोधपुर की टीम पराजित रजनीगंधा एचीवर्स की धमाकेदार जीत में पद्मनाभ चमके
जोधपुर पोलो सीजन में खेले जा रहे आठ गोल के महाराजा ऑफ जोधपुर कप के लिए शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में जयपुर के पूर्व महाराजा पद्मनाभसिंह के शानदार खेल के दम पर रजनीगंधा एचीवर्स ने धमाकेदार जीत हासिल की। वहीं, बेहद रोमांचक दूसरे मैच में प्रदेश के खेल मंत्री अशोक चांदणा की टीम एचीवर्स ऑन ने जोधपुर पोलो फैक्ट्री को महज आधे गोल के अंतर से पराजित किया।
खेले गए पहले मैच में रजनीगंधी एचीवर्स ने लॉस पॉलिस्टास को 6-3 से पराजित कर दिया। देश के नामी खिलाड़ी अली बंधु बशील व शमशीर अली आज अपने खेल का जलवा नहीं दिखा पाए। विजेता टीम की तरफ से जयपुर के पूर्व महाराजा पद्मनाभसिंह व डेनियल की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने न केवल आक्रामक रूख अपनाया बल्कि अली बंधुओं को पूरी तरह से मार्क करते हुए उन्हें बांधे रखा। यही कारण रहा कि अली बंधु अपनी लय हासिल नहीं कर पाए। पहले चक्कर में डेनियल ने पद्मनाभ से मिले पास पर मुश्किल एंगल से गेंद को गोल के पार पहुंचा अपनी टीम का खाता खोला।
इस चक्कर में यह एकमात्र गोल ही हो पाया। दूसरे चक्कर में पद्मनाभ सिंह और डेनियल की जोड़ा एकदम चढ़ कर खेली। इस चक्कर में पद्मनाभ ने दो व डेनियल ने एक गोल कर अपनी टीम को मजबूत बढ़त दिला दी। वहीं लॉस पॉलिस्टास की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। तीसरे चक्कर में एलन शॉन ने लॉस पॉलिस्टास का खाता खोला, लेकिन जवाबी हमले में पद्मनाभ ने गोल कर अपनी टीम की चार गोल की बढ़त को बरकरार रखा। चौथे व अंतिम चक्कर में शमशेर व बशीर ने एक-एक गोल कर अंतर को कुछ कम अवश्य किया, लेकिन वह हार टालने के लिए नाकाफी था। अंतिम क्षणों में पद्मनाभ ने एकल प्रयास से शानदार गोल कर वाह-वाही लूटी।


