राजस्थान में नए कृषि बिल का प्रस्ताव तैयार, आज विधि विभाग को भेजा जाएगा
केंद्र के नए कृषि कानूनों में संशोधन को लेकर गहलोत सरकार जल्द ही विधानसभा सत्र बुलाकर नया विधेयक पेश करेगी। इसके लिए कृषि विभाग ने पंजाब पैटर्न पर ही विधेयक का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। गुरुवार को इस प्रस्ताव को विधिक राय के लिए विधि विभाग भेजा जाएगा। कृषि विभाग के प्रमुख सचिव कुंजी लाल मीणा ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रदेश में कृषि विधेयक का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
मंगलवार को पंजाब सरकार ने केंद्रीय कृषि कानूनों में संशोधन के लिए नए विधेयक विधानसभा में पारित करवा दिए। इसके बाद सीएम अशोक गहलोत ने मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाकर प्रदेश में भी जल्द विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की बात कही। बता दें कि केंद्र सरकार ने हाल में कृषि विपणन से जुड़े दो विधेयक संसद में पेश किए जिन्हें राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद कानून के रूप में लागू कर दिया गया।


