युवती की हत्या:लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की हत्या करके भागा युवक, तलाश जारी
करधनी इलाके में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की हत्या करके फरार होने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची करधनी थाना पुलिस व एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। शव की शिनाख्त यूपी के हरदोई स्थित बेनीगंज निवासी 19 वर्षीय रोशनी के रूप में हुई। मकान मालिक आर्मी नगर निवासी राजेन्द्र कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मकान मालिक ने रिपोर्ट में बताया कि करीब 20 दिन पहले विक्रम उर्फ पिंटू ने उनका मकान किराये पर लिया। विक्रम ने रोशनी को अपनी पत्नी बताया। मंगलवार दोपहर में विक्रम बैग लेकर प्रताप नगर में रहने वाली बहन के पास जाने का कह कर चला गया। अगले दिन बुधवार सुबह 7:30 बजे विक्रम ने पड़ोसी मोहन लाल शास्त्री को फोन करके बताया कि उनकी पत्नी फोन नहीं उठा रही इसलिए बात करवाओं। तब मोहन लाल अपनी बेटी गौरा को मोबाइल लेकर विक्रम के घर भेजा। जिसने गेट से आवाज लगाई तो रोशनी बाहर नहीं आई।
रोशनी को जगाने के लिए कंबल उठाया तो वह खून से लतपथ पड़ी थी। बच्ची डरकर चिल्लाते हुए वापस भाग गई और अपनी मां को बताया। पुलिस को मृतका के परिजनों ने बताया रोशनी की विक्रम से लॉकडाउन के दौरान चंडीगढ़ में दोनों की जान पहचान हो गई। विक्रम ने खुद को रेलवे में दराेगा बताया। बात आगे बढ़ी तो घरवाले भी शादी के लिए मान रहे थे। तभी विक्रम को पता चला कि रोशनी के पिता एक मामले में जेल में बंद है। विक्रम ने उन्हें जेल छुड़ाने का झांसा देकर 5 लाख रुपए और रोशनी की मां के जेवर ले लेने के बाद फरार हो गया। कुछ दिन वापस संपर्क किया तो फोन पर माफी मांगता रहा।
उसके बाद रोशनी के घरवाले मुकदमा दर्ज कराने को तैयार हुए तो विक्रम उनके घर पहुंच गया और माफी मांगते हुए जल्द हो पैसे लौटाने की बात कही। विक्रम रोशनी को बहला फुसलाकर वापस फरार होकर जयपुर पहुंच गया। यहां आने के बाद भी रोशनी के जरिए घरवालों से बात करवाकर जल्द पैसे लौटाने की बात कहता रहा। रोशनी के कानों की बालियां, अंगूठी व मोबाइल गायब है। परिजनों ने रोशनी के मोबाइल पर फोन किया तो विक्रम ने ही रिसीव किया और बताया कि उसकी मौत हो गई। ये बात रोशनी की मौत के बाद हुई है।
satveer 

