गोवर्धन यात्रा के पदयात्रियों को रोडवेज ने मारी टक्कर:एक श्रद्धालु की मौत, दूसरा गंभीर घायल जत्थे में थे 100 लोग, रोड जाम किया

गोवर्धन यात्रा के पदयात्रियों को रोडवेज ने मारी टक्कर:एक श्रद्धालु की मौत, दूसरा गंभीर घायल जत्थे में थे 100 लोग, रोड जाम किया

डीग जिले के बहज रोड पर एक रोडवेज बस ने रोड पार कर रहे दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक पदयात्री की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से नाराज परिजनों ने हाईवे को जाम कर दिया। ये बस गोवर्धन से जयपुर की ओर जा रही थी। हादसा शनिवार दोपहर 2:30 बजे हुआ। परिजनों की मांग है कि पहले बस ड्राइवर को गिरफ्तार करें, तभी रोड से हटेंगे।

घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी रवि गोयल, कामा एडिशनल सतीश यादव, डीग सीओ प्रेम बहादुर सिंह पहुंचे हैं। परिजनों से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन गिरफ्तारी तक रोड से हटने के लिए परिजनों ने इनकार कर दिया है।

डीग कोतवाली थाना प्रभारी रामकेश मीणा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन युवक के परिजनों ने रोड से उठने से मना कर दिया।

डीग कोतवाली थाना प्रभारी रामकेश मीणा ने बताया कि, इस हादसे में जान गंवाने वाला युवक का नाम रामेश्वर (22) है। वहीं दूसरे घायल का नाम लेखराम (25) है। ये लक्ष्मणगढ़ तहसील के गांव भीखाहेडी गांव के रहने वाले हैं। शनिवार को भीखाहेड़ी गांव से गोवर्धन पैदल यात्रा कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बज ये बहज रोड पर एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके थे।

इसी दौरान रामेश्वर और लेखराम रोड के दूसरी तरफ स्वीमिंग पूल में नहाने गए। वापस आते समय ये रोड क्रॉस कर ही रहे थे कि गोवर्धन से जयपुर जा रही रोडवेज बस ने इन्हें टक्कर मार दी। रामेश्वर ने मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं लेखराम गंभीर घायल हो गया। उसे डीग अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया।

युवक के परिजनों ने गाड़ी खड़ी कर रोड को ब्लॉक कर दिया है। वहीं यात्रा में शामिल महिलाओं ने मृतक के शव को सड़क पर ही रख कर रोड जाम कर दिया। शाम साढ़े चार बजे तक उपखंड अधिकारी रवि गोयल और कामा एडिशनल सतीश यादव ग्रामीणों को समझाते रहे, लेकिन लोग सड़क से नहीं हटे। उनका कहना है कि जब तक बस का ड्राइवर गिरफ्तार नहीं होगा। तब तक शव नहीं उठाने देंगे और ना ही जाम खोलेंगे।