शाह का रोड शो:नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए हैदराबाद पहुंचे शाह पहले भाग्यलक्ष्मी मंदिर में की पूजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को हैदराबाद पहुंचे। प्रचार से पहले शाह ने भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा की। पूजा के बाद शाह ने ट्वीट किया- आज हैदराबाद में मां भाग्यलक्ष्मी का आशीर्वाद लिया। तेलंगाना के लोगों की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मां लक्ष्मी पूरे देश को अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों का आशीर्वाद दें। वे यहां ग्रेटर हैदराबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (GHMC) चुनावों के लिए प्रचार करेंगे। बेगमपेट हवाई अड्डे पर बीजेपी नेताओं ने शाह का स्वागत किया।
शाह ने सिकंदराबाद में रोड शो किया। इसके बाद वे एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद भाजपा के सभी बड़े नेता GHMC चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंच रहे हैं।
शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रचार के लिए हैदराबाद पहुंचे थे। योगी ने हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर करने की बात भी कही थी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को यहां रोड शो किया था। GHMC के 150 वार्ड के लिए 1 दिसंबर को वोटिंग होगी। नतीजे 4 दिसंबर को आएंगे। पिछले चुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) ने 99 वार्ड में जीत दर्ज की थी। वहीं, ओवैसी की AIMIM को 44 सीटें मिली थीं। बाकी सीटों पर निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट जीते थे।


