संकेत अच्छे नहीं, पहली बार प्रदेश की रिकवरी रेट देश से भी कम

Oct 20, 2020 - 01:53
Oct 20, 2020 - 02:00
संकेत अच्छे नहीं, पहली बार प्रदेश की रिकवरी रेट देश से भी कम

अच्छी खबर ये है कि राजस्थान में कोरोना कमजोर पड़ रहा है...लेकिन चिंता की बात ये है कि प्रदेश में मरीजों के ठीक होने की दर पहली बार देश से भी कम हो गई है। प्रदेश में रिकवरी रेट 87.07% है जबकि देश में यह 88.2% तक पहुंच चुकी है। कोरोनाकाल में ऐसा पहली बार हुआ है। यही नहीं, देश के 20 राज्याें में रिकवरी रेट राजस्थान से बेहतर है। जबकि कोरोनाकाल के शुरुआती दौर में मरीजों के ठीक होने की दर के मामले में प्रदेश दूसरे-चौथे नंबर पर था।

इसके अलावा प्रतिदिन मिलने वाले रोगियों की संख्या में कमी की बात करें तो कई राज्यों में यह आंकड़ा 64% तक है, जबकि राजस्थान में सिर्फ 11% की कमी आई है। महाराष्ट्र में 11 सितंबर को सर्वाधिक 24886 नए रोगी मिले थे। अब महाराष्ट्र में रोज करीब 9060 मिल रहे हैं यानी करीब 64% की कमी हुई है।

वहीं राजस्थान में 2 अक्टूबर को अधिकतम 2212 नए रोगी मिले थे। अब रोगी कम हुए हैं, लेकिन पीक से मात्र 252 ही घटे हैं। लिहाजा दूसरे राज्यों में राजस्थान से छह गुना तक ज्यादा गति से रोगी ठीक हो रहे हैं। बड़े राज्योें में आंध्र प्रदेश 94.5% और बिहार 94.3% के साथ सबसे आगे हैं। मिजोरम 95.3% रिकवरी है।

इतना ही नहीं पहली बार रिकवरी रेट में राजस्थान की औसत रिकवरी देश से पीछे हो गई है। पूरे देश की सोमवार की रिकवरी 88.2 प्रतिशत हो गई, जबकि राजस्थान की 87.07 प्रतिशत है। पहले चार माह तक देश में राजस्थान रिकवरी के मामले में 2 और चौथे स्थान पर रहा। अब देश में 21 वें स्थान पर पहुंच गया है। बड़े राज्योें में आंध्रप्रदेश 94.5 और बिहार 94.3 प्रतिशत के साथ सबसे आगे हैं। मिजोरम 95.3 प्रतिशत रिकवरी है।

सबसे ज्यादा संक्रमित राज्यों में नए रोगी मिलने की रफ्तार धीमी

राजस्थान में पिछले दो सप्ताह से रिकवरी बढ़ी है। एक माह में 80% से बढ़कर अब 87.07 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई है। लेकिन दूसरे राज्यों की तुलना में अभी काफी कम है। 21 राज्य राजस्थान से ज्यादा तेज रिकवर हो रहे हैं। महाराष्ट्र की रिकवरी तेजी से एक माह में 65% से बढ़कर अब 85.9% हो गई है। कर्नाटक की यह 84.4% है।

प्रदेश में 1960 नए रोगी मिले, 12 मौतें भी; लगातार पांचवें दिन नए रोगियों की संख्या में गिरावट आई

प्रदेश में कोरोना रोगियों के गिरने का सिलसिला 14 अक्टूबर के बाद शुरू हुआ। 15 अक्टूबर को पहली बार गिरकर 2039 रोगी हुए। 16 अक्टूबर को 2010 रोगी, 17 अक्टूबर को 1992, 18 अक्टूबर को 1985 और 19 अक्टूबर को 1960 रोगी सामने आए। लेकिन दूसरे राज्यों में गिरावट की यह रफ्तार राजस्थान से तेज है।