जिस फैक्ट्री को पिता ने 3 साल पहले बेचा वहीं से पुत्र ने चुराया 9 लाख का सामान

जिस फैक्ट्री को पिता ने 3 साल पहले बेचा वहीं से पुत्र ने चुराया 9 लाख का सामान

कुचेरा की जिनिंग फैक्ट्री से चोरी हुई जिनिंग मशीन के अलावा करीब 9 लाख का सामान चोरी कर ले जाने की वारदात का आरोपी कोई और नहीं फैक्ट्री के पूर्व मालिक का लड़का ही निकला है। एसपी श्वेता धनखड़ ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी के आरोप में कुचेरा निवासी नरेन्द्र माली को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। जो उसके घर पर ही रखा हुआ था।

एसपी धनखड़ ने बताया जोधपुर के नांदड़ी शिवशक्ति नगर ढाढ़रिया निवासी घनश्याम जाट ने 29 सितंबर को कुचेरा थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि तेलीनाड़ा मार्ग कुचेरा पर उसकी फैक्ट्री है, जिसमें जिनिंग मशीनें एवं उसमें लगने वाले सामान तथा प्रेस मशीन का सामान सहित अन्य सामान भरा हुआ था, जो चोरी हो गए। उक्त सामान की कीमत करीब 8-9 लाख रुपए है। इस पर एएसपी राजेश मीणा, कुचेरा डिप्टी विजय सांखला के निर्देशन में एक टीम का गठन किया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक देवीलाल व हैड कांस्टेबल सुखाराम को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में कुचेरा निवासी नरेन्द हो सकता है। इस पर पुलिस पूछताछ के लिए आरोपी को थाने लेकर आई। इसके बाद आरोपी फूट पड़ा।

बेरोजगारी और रुपए की जरूरत ने बना दिया चोर, ट्रेक्टर वाली क्रेन मशीन से उठाई मशीन, खुद के घर पर रखी

पुलिस के अनुसार चोरी के आरोप में गिरफ्तार नरेन्द्र के पिता ने तीन साल पहले उक्त फैक्ट्री का सौदा घनश्याम को किया था। घनश्याम ने फैक्ट्री को खरीद लिया और वह स्वयं जोधपुर चला गया। लंबे समय से फैक्ट्री बंद थी। यहां किसी तरह का कार्य नहीं चल रहा था। फैक्ट्री सुनसान इलाके में होने तथा वहां किसी का अवागमन भी नहीं था। इस दौरान नरेन्द्र बेरोजगार चल रहा था और उसको रुपयों की भी जरूरत थी। तभी नरेन्द्र के दिमाग में उक्त फैक्ट्री में चोरी का विचार आया। नरेन्द्र यह भी जानता था कि उक्त फैक्ट्री में कीमती सामान क्या है जिसकी बिक्री से उसको बाजार में अच्छी कीमत मिल सकती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी नरेन्द्र 28 सितंबर की रात को ट्रैक्टर वाली क्रेन मशीन लेकर आया और रातों रात उक्त मशीन को फैक्ट्री से उठाकर ले गया। पुलिस ने जब अनुसंधान किया तो सामने आया उक्त मशीन नरेन्द्र के घर पर रखी हुई है। इस पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने सब सच बता दिया। अब इस कार्य को लेकर पश्चाताप कर रहा है।

बेचने का भी किया प्रयास लेकिन नहीं मिली सफलता

इधर, पुलिस ने बताया कि आरोपी ने उक्त मशीन को बेचने का भी प्रयास किया, लेकिन उसको सफलता नहीं मिली। क्योंकि उक्त भारी भरकम मशीन के नरेन्द्र को खरीददार भी नहीं मिल रहे थे। उक्त मशीन का वजन करीब 7 क्विंटल था। इसके चलते मशीन उसके घर पर ही रखी हुई थी। पुलिस के अनुसार घनश्याम भी अचानक फैक्ट्री पहुंचे थे, जिनको चोरी की वारदात का पता लगा।