फर्जी क्रेडिट कार्ड के जरिए खाते से निकाले सवा लाख रुपए
फर्जी क्रेडिट कार्ड के जरिये खाते से सवा लाख रुपए निकालने पर खाता धारक द्वारा बिलाड़ा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया गया। खाता धारक ने लोन के लिए आवेदन किया तो क्रेडिट कार्ड के जरिये रुपए निकालने की जानकारी मिली।
थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि प्रियव्रतसिंह पुत्र शुभकरण निवासी बोरूंदा ने रिपोर्ट देते हुए बताया कि मुझे लोन की आवश्यकता हुई तो मैंने एचडीएफसी फाइनेंस जोधपुर में आवेदन किया। जिस पर मुझे बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा बिलाड़ा द्वारा एक क्रेडिट कार्ड जारी किया हुआ है।
उक्त खाते से समय पर भुगतान नहीं होने के कारण बैंक द्वारा डिफॉल्टर बताकर आपकी सिविल खराब कर दी गई है। जिस कारण आप लोन लेने की पात्रता नहीं रखते। रिपोर्टकर्ता ने बताया कि एसबीआई से क्रेडिट कार्ड के लिए कभी आवेदन नहीं किया है और न ही मुझे कोई क्रेडिट कार्ड जारी हुआ। न ही मेरे द्वारा कोई ट्रांजेक्शन किया गया है।
क्योंकि मेरा सेविंग खाता पिछले 5-6 वर्षों से निष्क्रिय है। मेरे खाते में कोई राशि नहीं है। इसके बावजूद मेरी बिना जानकारी के क्रेडिट कार्ड जारी किया जाना कतई संभव नही है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक को नोटिस दिया गया और नोटिस की प्रति बैंकिंग लोकपाल को भी भेजी गई है। जिसका कोई जवाब नहीं दिया गया है।


