छोटे से कमरे में एक टीचर बिना किसी आधिकारिक अनुमति के 29 बच्चों को पढ़ा रहा।
कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने अभी तक स्कूल खोलने की अनुमति नहीं दी है। यहां तक कि अधिकांश स्कूल संचालक खुद भी फ़िलहाल कोई रिस्क लेने को तैयार नहीं हैं। वहीं बी-नारायण गेट स्थित भरतपुर नर्सिंग होम परिसर में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के कोचिंग क्लासेज चलाई जा रही हैं।
उसमें भी छोटे से कमरे में एक टीचर 29 बच्चों को पढ़ा रहा। इन बच्चों में न तो किसी तरह का सोशल डिस्टेंस दिखा और न ही कोरोना गाइड लाइन का पालन। शिकायत पर मथुरा गेट पुलिस और बाल कल्याण समिति ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई करके इस टीचर को हिरासत में लिया। उससे इस बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और बाल कल्याण समिति की टीम जैसे ही भरतपुर नर्सिंग होम परिसर में चल रहे स्कूल पर पहुंची तो सूचना मिलते ही वहां क्लास में पढ़ा रहे टीचर ने बच्चों को पिछले दरवाजे से चुपचाप बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन, बाल कल्याण समिति की टीम ने इनमें से अधिकांश बच्चों को वहीं रोक लिया। साथ ही टीचर को भी पकड़कर पुलिस अपने साथ ले आई।


