कोहरे के कारण हादसा, अचानक ब्रेक लगाने से खाई में पलटी सवारियों से भरी निजी बस

जगत- झामेश्वरजी मार्ग पर मामादेव के निकट हुआ हादसा
उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में जगत-झामेश्वरजी मार्ग पर मंगलवार सुबह उदयपुर से सेमाल गींगला वाया जगत चलने वाली एक निजी बस पलट गई। इस हादसे में चालक और परिचालक सहित कुल 26 यात्री घायल हो गए। घायलों का जगत पीएचसी पर उपचार किया गया। इनमें से १० जनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। बताया गया कि हादसा की मुख्य वजह सडक़ मार्ग पर निर्माण काम के चलते और घना कोहरा होने के कारण घुमाव पर चालक द्वारा ब्रेक लगाते ही बस पलट गई। गनीमत रही कि बस तीन पलटी खाने के बाद नदी की ओर नहीं गिरी जिससे बडा़ हादसा टल गया।
हादसे के बाद यात्रियों का कोहराम मच गया। सूचना पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कांच आदि तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पर कुराबड़ थानाधिकारी उमेश चन्द्र सनाढ्य मय जाप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंये और राहत कार्य में जुटे। बस में ४० सवारी थी जिनमें से ११ महिला सहित २६ को चोटें आई। सभी को जगत पीएचसी पहुंचाया, यहां १६ को प्राथमिक के उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि १० घायलों को उदयपुर रेफर किया गया।
ये हुए घायल
गौतम मीणा निवासी पिपिया, जगदीश, बसंती मीणा, संगीता सालवी, भंवरी देवी सालवी, शंकरी बाई प्रजापत, लक्ष्मी बाई गमेती, पुष्कर गमेती, चन्दा भील, सोहनीबाई मीणा, अशोक भील, रेखा भील, अनकी बाई भील, लक्ष्मी बाई मीणा, मोहनी बाई रावत, मोहनी बाई मीणा, लसु बाई मीणा, मुंगी बाई सालवी, लोगर लाल रावत घायल हुए हैं। वहीं रेखा, जगदीश, भंवरी देवी, मोगी बाई, चंदा कुमारी, गौतम लाल, संगीता, दुर्गा, लक्ष्मी और आंकी देवी को उदयपुर रेफर किया है।
विधायक शक्तावत को फोन कर बताई घटना और पीएचसी क्रमोन्नत की मांग
हादसे के बाद कुराबड सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष बाबरू मीणा, भीण्डर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खेमराज मीणा ,पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि यशवंत सिंह आदि ने वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत को फोन कर घटना बताई और कहा कि बताया कि जगत झामेश्वर रोड 32्र स्टेट हाईवे होकर मेवल क्षेत्र के सलूंबर, सराडा, गिर्वा उपखंड कि करीब 40 ग्राम पंचायतों के 100 से अधिक गांवों को जिला मुख्यालय को जोडऩे वाला प्रमुख सडक़ मार्ग होकर व्यस्ततम रहता है । परंतु इस सडक़ मार्ग पर कोई बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है । उदयपुर के बाद एकमात्र जगत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। आए दिन दुर्घटना होने पर समय पर उपचार नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है कई बाहर जान भी गंवानी पड़ती है ।ऐसे में इस बजट में ही उक्त केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करें ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।