सेवा अंत्योदय वस्त्र बैंक मुंबई से भेज रहे खुशियां, 8 राज्यों के स्कूलों में खिलौना बैंक बनाए

Feb 15, 2021 - 11:42
Feb 15, 2021 - 11:54
सेवा अंत्योदय वस्त्र बैंक मुंबई से भेज रहे खुशियां, 8 राज्यों के स्कूलों में खिलौना बैंक बनाए

जिले के एक छोटे से गांव भादसोड़ा में 1956 में जन्मे राजस्थान सरकार में मुख्य सचिव रहे पद्मश्री स्व मीठालाल मेहता के छोटे भाई महेंद्र मेहता अमेरिका में कंप्यूटर कंपनी की नौकरी छोड़कर लाैट आए और सेवा कार्याें में जुट गए। महेंद्र मेहता आईआईटी दिल्ली से पास-आउट होकर अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी कर रहे थे।

मन में हमेशा देश की सेवा का जज्बा रहा। अमेरिका से नौकरी छोड़कर वतन लौट आए। मुंबई में खुद का व्यवसाय शुरू किया। लाॅयन्स क्लब में रहे, लेकिन इनका मानस हमेशा कुछ अलग और नया करने में लगा रहा।बड़े भाई स्व मीठालाल मेहता की प्रेरणा से 2019 में मुंबई में ‘अन्त्योदय‘ फाउंडेशन की स्थापना की।

उदयपुर जिले की मावली तहसील के 27 आदिवासी बाहुल्य गांवों में इनका शुरुआती कार्यक्षेत्र रहा। जरूरतमंद होनहार बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में खिलौना बैंक की स्थापना व नए व पुराने कपड़ों का संग्रहण कर जरूरतमंदों को वितरण शुरू किया।

शिक्षक राजेश कुमार सैनी ने बताया कि अन्त्योदय फाउंडेशन अब तक 8 राज्यों के 650 राजकीय स्कूलों में खिलौना बैंक स्थापित किए जा चुके हैं। 3 लाख से अधिक वस्त्र एकत्र कर जरूरतमंदों में वितरित किए। महेंद्र मेहता की इस मुहिम में मुंबई के सीए दंपती संजय बोरदिया व रीना बोरदिया सेवा दे रहे हैं।

राजस्थान सहित 8 राज्यों के 200 से अधिक सरकारी शिक्षक इनके समर्पण की प्रेरणा से अभियान में स्तंभ के रूप में जुड़े हैं। शिक्षक अपनी डिमांड आॅन काॅल या सोशल मीडिया के माध्यम से फाउंडेशन को दर्ज करवाते हैं। मुंबई से ट्रांसपोर्ट से निशुल्क सामान भेज दिया जाता है। राजस्थान के 18 जिलों में अन्त्योदय की सेवा जारी है।

महेंद्र मेहता।
महेंद्र मेहता।

मुख्य सचिव रहे पद्मश्री मीठालाल मेहता का पूरा परिवार सेवा में जुटा

भादसोड़ा निवासी एवं राजस्थान सरकार में मुख्य सचिव रहे पद्मश्री स्व मीठालाल मेहता के छोटे भाई महेंद्र मेहता का पूरा परिवार सेवा कार्य में जुटा है। कुसुम मेहता, जयंत मेहता के साथ ही प्रहलाद कुलकर्णी, प्रेमामुथुकुमार व कई फिल्म जगत की हस्तियां भी सेवा अभियान से जुड़ चुकी हैं।

दिवाली पर अनुपयोगी सामान देने की अपील की

दिवाली पर फाउंडेशन ने मुंबई में सोशल मीडिया ग्रुप से घरों की सफाई के दौरान अनुपयोगी सामान, कपड़े, जूते, बर्तन, खिलौने, साइकिल, कंबल, चादर, पर्दे, चश्मे, खाली डायरी-पैन, कलर पेसिंल आदि सामान देने की अपील की। यह अपील कारगर साबित हुई। लोगों ने सहयोग किया। मेहता टीम के साथ जुट गए। स्वयं व बोरदिया दंपती ने कार से गली-गली पहुंचकर सामान एकत्र किया।

नवोदय विद्यालय में प्रवेश की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराते हैं मेहता

वस्त्र बैंक के साथ फाउंडेशन सरकारी विद्यालय के बच्चों को एनएमएमएस छात्रवृत्ति व नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए भी प्रेरित कर रहा है। तैयारी के लिए शिक्षकों के माध्यम से डाक द्वारा निशुल्क प्रतियोगी पुस्तकें उपलब्ध करवा रहे हैं। महेंद्र मेहता राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों व शिक्षकों को प्रेरित कर रहे हैं।

घरों से वस्त्र एकत्र करने का अनूठा अंदाज

मुंबई में फाउंडेशन द्वारा लोगों से नए-पुराने वस्त्र, खिलौने, कंबल, बर्तन आदि दान करने की अपील की जाती है। यह वादा किया जाता है कि सामान आपके घर से ही उठाया जाएगा। आपको स्वयं चलकर नहीं आना होगा। टीम के सदस्य दानदाता के पास जाकर सामान इकट्ठा करते हैं। पैकिंग कर शिक्षकों व स्वयंसेवकों के माध्यम से कई राज्यों में जरूरतमंदों व स्कूली छात्रों में वितरित करवाते हैं।