दुष्कर्म का आरोपी बाबा और महिलाओं के अश्लील फोटो खींचने वाले आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म का आरोपी बाबा और महिलाओं के अश्लील फोटो खींचने वाले आरोपी गिरफ्तार

बूंदी: चार महिलाओं को धन दोगुना करने और बच्चा देने के नाम पर झांसा देकर करीब 10 महीने से दुष्कर्म करने और तीन लाख रुपए हड़पने वाला राइस मिल का चौकीदार कथित बाबा और उनका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा। बीते रोज आपस में रिश्तेदार इन महिलाओं ने कथित बाबा व अन्य के खिलाफ पुलिस और कलेक्टर को रिपोर्ट दी थी।

एसपी शिवराज मीणा ने बताया कि पीड़िताओं के बयान और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद कालीतलाई गेंडाेली निवासी मुख्य आरोपी कथित बाबा सत्यनारायण गुर्जर (60) पुत्र श्याेजीलाल गुर्जर काे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप में रामप्रकाश मीणा उर्फ रामप्रसाद पुत्र रामनारायण मीणा गणपतपुरा, राजकुमार मीणा उर्फ विकास (19) पुत्र हेमराज मीणा संजय काॅलाेनी नैनवां राेड गेट नंबर 10 को गिरफ्तार किया गया है। इसमें जांच की जा रही है।

आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में डीएसपी गोपीचंद मीणा, महिला थानाप्रभारी अंजना नोगियां, कांस्टेबल नेतराम, हनुमान थाना सदर, प्रमाेद गुर्जर महिला थाना शामिल है। तत्काल कार्रवाई पर एसपी ने टीम के काम को सराहा है।

झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा कथित बाबा
एसपी ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता महिला ने महिला थाने में रिपोर्ट दी थी कि करीब 10 माह पूर्व वह मजदूरी के लिए शंकर उद्योग नैनवां रोड गई थी। जहां मुझे चाैकीदार सत्यनारायण गुर्जर होटल के पास मिला। मैंने उससे मजदूरी के लिए पूछा ताे उसने कहा कि मेरे शरीर में देवता आते हैं। तुम्हें कोई काम करने की जरूरत नहीं है। तुझे पैसे वाली बना दूंगा। रात 10 बजे करीब 500 रुपए, नारियल व लच्छा लेकर बुलाया और मुझे कहा कि तू जितने रुपए देगी, उतने ही देवता खुश होंगे।

ऐसा झांसा देकर सत्यनारायण गुर्जर ने मेरे साथ जबरन खाेटा काम किया। मुझे कहा कि दूसरी औरत लाएगी तो देवता खुश होंगे। तब मैंने मेरी बहन को बुलाया। उसने उसे भी पैसे वाली बनाने का झांसा देकर उसके साथ भी गलत काम किया। हर शनिवार को आरोपी देवता आने का बहाना कर मुझे व मेरी बहन काे अपने पास बुलाता व खोटा काम करता। इसके बाद उसने कहा कि देवता खुश नहीं हो रहे हैं। किसी तीसरी औरत काे लेकर आना पड़ेगा। मेरी बहन ने अपनी लड़की को बुला लिया। जिसके बच्चा नहीं है।

उसे बच्चा होने का झांसा देकर उसके साथ भी गलत काम किया। उसके बाद कहा कि तुम औरतों से देवता खुश नहीं हो रहे हैं। किसी सुंदर व कम उम्र की औरत लेकर आओ। इस पर मैंने मेरी समधन को बुलाया। जिसके साथ भी सत्यनारायण ने पैसों का झांसा देकर गलत काम किया।

26 सितंबर को सत्यनारायण ने हम चारों को निर्वस्त्र कर अपने हाथ-पांव दबवाए। उस दिन काॅलाेनी के कुछ लाेग आ गए व हमारा वीडियो बना लिया। हमारे साथ धक्का-मुक्की की। अब आगे की जांच डीएसपी (महिला अपराध अनुसंधान सेल) को दी गई है।