स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर:यूपी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए भक्ति सेवा ट्रस्ट ने शुरू की निशुल्क कोचिंग
कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन से पढ़ाई में पिछड़े स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है। ऐसे स्टूडेंट्स को राहत देने के लिए एक ट्रस्ट निशुल्क कोचिंग सुविधा बच्चों को प्रदान कर रहा है। जतीपुरा स्थित भक्ति सेवा चैरीटेबिल ट्रस्ट ने 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग देने का बीड़ा उठाया है।
ट्रस्ट के पदाधिकारी श्रेयस गुजराती ने बताया कि लॉकडाउन के कारण विद्यालयों में कक्षाएं नहीं चलने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी नहीं हो सकी। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 अप्रेल से होनी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके ट्रस्ट ने जतीपुरा में नॉलेज कोचिंग सेंटर के माध्यम से निशुल्क बोर्ड परीक्षा तैयारी कराने का कार्य शुरू किया है।
जो बच्चे कोचिंग में नहीं आना चाहते उनके वाट्स ऐप पर भी विषय के बारे में जानकारी व हल बताए जाएंगे। अगर विद्यार्थियों की संख्या अधिक होगी तो ट्रस्ट उनको उनके ही गांव में सेंटर संचालित कर तैयारी कराएगा।


