कोरोना संक्रमित हुए अमिताभ बच्चन, मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती
आम से लेकर खास तक, पूरे विश्व में कोरोना का असर देखने को मिल रहा है। इस बीच अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस को एक ऐसी खबर दी, जिससे सभी मायूस हो गए। दरअसल हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन को कोरोना हो गया है। शनिवार देर शाम उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हुए परीक्षण मे वह कोविड 19 वायरस से संक्रमित पाए गए। अमिताभ बच्चन ने खुद एक ट्वीट के जरिए इसकी पुष्टि की है। अमिताभ बच्चन का स्वास्थ्य पिछले कुछ महीनों से गड़बड़ चल रहा है और चिकित्सकों ने उनके मुंबई से बाहर यात्रा करने पर भी रोक लगाई हुई है।
नानावती अस्पताल के प्रवक्ता ने अमर उजाला से बातचीत में बिग बी के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। रात 10.52 बजे अमिताभ बच्चन ने अपने कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि की और ये भी कहा कि उनके संपर्क में जितने भी लोग पिछले 10 दिन में आए हैं, सब अपना टेस्ट जरूर करा लें। अमिताभ बच्चन के परिवार के सभी सदस्यों और उनके स्टाफ का भी टेस्ट किया गया है जिसके परिणाम प्रतीक्षित हैं।