नपा की बजट बैठक में पार्षदों ने कुर्सियां फेंकी:हंगामे के बीच 44 करोड़ रुपए का बजट पारित, चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की
कस्बे स्थित पंचायत समिति सभागार में मंगलवार को नगर पालिका की बजट बैठक में खूब हंगामा हुआ। इस दौरान पार्षदों ने कुर्सियां फेंकी। हंगामे के बीच कुछ ही मिनट में बजट पास कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन चौथमल सैनी द्वारा की गई। वहीं कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी केशव कुमार मीणा भी मौजूद रहे। बैठक में जब पार्षद कपिल मीणा ने बजट से संबंधित जानकारी मांगी तो बीच में ही पार्षद राजेंद्र शर्मा बोल गए।
इससे नाराज होकर कपिल मीणा ने कुर्सियां फेंक दी। काफी देर तक पार्षदों के बीच हंगामा होता रहा। आखिर इस हंगामे के बीच ही 44 करोड़ रुपए का बजट पास हो गया। बजट पर कुछ देर ही बहस हो सकी। इसके बाद भाजपा के पार्षदों ने रोहिताश गांगल के नेतृत्व में चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की। पार्षद राजेंद्र शर्मा ने कहा कि विकास के कार्यों का बजट था। विपक्ष का काम था बजट ही पेश नहीं हो। बिना कोई वजह के हंगामा किया गया। उनका सदन के अंदर व्यवहार गलत था। बजट इस तरह बनाया गया है।
जिससे थानागाजी में आगामी दिनों में अच्छा विकास होगा। थानागाजी में खेल मैदान, लाइट, भवन व सफाई को लेकर बजट प्लान हुआ है। अब उसके अनुसार कार्य कराया जाएगा। विपक्ष ने साजिश के तहत विवाद किया है। वे नहीं चाहते कि विकास के कार्य हो।
चेयरमैन ने कहा - कुछ पार्षद झूठे आरोप लगा रहे
नगर पालिका चेयरमैन चौथमल सैनी ने कहा कि सर्व सम्मति से बजट पास हो गया। कुछ पार्षद झूठे आरोप लगाते रहे। माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। विपक्ष के पार्षद झूठे आरोप लगाते रहे हैं। जबकि पालिका के जरिए सारे कार्य पारदर्शिता से हुए हैं। पालिका में किया गया हंगामा एसडीएम की मौजूदगी में हुआ। बजट सत्र के दौरान पार्षद बाबूलाल सैनी, पुष्पेंद्र सैनी, उप चेयरमैन सावित्री देवी, शायर योगी, महेंद्र योगी, मुरलीधर पांडे, सुरेश कुमार शर्मा, अनिल वर्मा, कमलेश सैनी, प्रीतम हरसाना आदि पार्षद मौजूद रहे।
Naresh Chouhan 

