सबसे छोटी टेरिटरी है बाघ एसटी 23 की:सरिस्का के दबंग बाघ ST 29 की सबसे बड़ी सल्तनत, 3 रेंजाें के 150 वर्ग किमी में साम्राज्य
एसटी 15 और 18 बाघ का एरिया भी 100 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा
सबसे दबंग बाघ एसटी-29 की अब सरिस्का में सबसे बड़ी सल्तनत है। बाघ का साम्राज्य 3 रेंजों की 11 बीटों के 150 वर्ग किलाेमीटर में फैला हुआ है। बाघ ने मात्र 115 दिन में ही सबसे बड़ा साम्राज्य बना लिया है। यह बाघ लगातार अपना विचरण क्षेत्र बढ़ा रहा है। बाघ की दबंगई ऐसी है कि इस पूरे क्षेत्र में दूसरा बाघ प्रवेश तक नहीं कर पा रहा है, जबकि दूसरे 7 नर बाघ सरिस्का में ही जन्मे हैं।
बाघ एसटी-29 की टेरीटरी में 4 रानी यानी बाघिन एसटी-10, एसटी-12, एसटी-22 और एसटी-26 विचरण कर रही है। सरिस्का में 8 नर बाघ विचरण कर रहे हैं, जिनमें से एसटी-29 ही ऐसा बाघ है, जिसे रणथंभौर से सरिस्का में शिफ्ट किया गया है। रणथंभौर के युवा बाघ टी-113 को तालड़ा वन रेंज से ट्रंकुलाइज को 16 अक्टूबर, 2022 को रात को सरिस्का की तालवृक्ष रेंज के पानी की ढाल वन क्षेत्र में बने एन्क्लाेजर में शिफ्ट किया गया। 5 वर्ष के इस बाघ काे 3 दिन एन्क्लाेजर में रखकर जंगल में छाेड़ दिया गया। बाघ ने अपना एरिया नहीं बदला है।
उसी वन क्षेत्र में रहकर साम्राज्य विस्तार कर रहा है। यह बाघ सरिस्का की तालवृक्ष, अकबरपुर और अलवर बफर रेंज की रईका, पानीढाल, लाेज-नाथूसर, रामपुर प्रथम, द्वितीय व तृतीय, बीणक, काली खाेल, पैतपुर, सीरावास व धामलाकाबास बीट में 150 वर्ग किलाेमीटर के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जाे सरिस्का में बाघ विस्थापन के बाद एसटी-29 की सबसे बड़ी सल्तनत है। उल्लेखनीय है कि सरिस्का के 1213.34 वर्ग किलाेमीटर वन क्षेत्र में वर्तमान में 8 बाघ, 13 बाघिन और 4 शावक विचरण कर रहे हैं।
वर्तमान में सरिस्का में जन्मे 7 बाघाें का साम्राज्य
- एसटी-15: टहला व सदर रेंज के जहाज, नाडू, देवरी, घेवर, रिछुंडा, भगानी, दबकन, कांकवाड़ी,फाटयाखाेरा, काली घाटी बना, तारुंडा, हरिपुरा, करनाकाबास, क्रास्का, पांडूपाेल, स्लाेपका का 130 वर्ग किलाेमीटर का क्षेत्र।
- एसटी-18 : अकबरपुर और अलवर बफर रेज के बारालिवारी, उमरैण, भूरासिद्ध, प्रतापबंध, गंगाेडी, बासी, डाेबा रिंगसपुरी व अलवर वन मंडल के क्षेत्र का 80 वर्ग किलाेमीटर क्षेत्र।
- एसटी-20 : सदर व अकबरपुर रेंज के क्रास्का, भर्तृहरि, कुशालगढ़, नलदेश्वर, पांडूपाेल, माधाेगढ़, सुकाेला, डाबली, पृथ्वीपुरा, बालेटा, भाटयाला, राेटक्याला व ऊमरी का 110 वर्ग किलाेमीटर क्षेत्र।
- एसटी-21 : सदर रेंज के बेरावास, इंदाैक, बांदीपुर, सदर, घाणका, खर्रिका, फाट्याखाेरा, बना, तारूंडा, हरिपुरा, करनाकाबास, भर्तृहरि का 80 वर्ग किलाेमीटर क्षेत्र।
- एसटी-23 : टहला व अजबगढ़ रेंज के गढ़, भगानी, खाेह, तिलवाड़ी, नारायणीमाता, भानगढ़, अजबगढ़, डिगाेता, सिलीबावड़ी, किशाेरी का 50 वर्ग किलाेमीटर क्षेत्र।
- एसटी-24 : जमवारामगढ़ रेंज के रायपुर, खरड, बासना, जमवारामगढ़, साहू, निबीं, आडाडूंगर, डाेडा डूंगर, काली काेलायन, राजपुरवास का 60 वर्ग किलाेमीटर क्षेत्र।
- एसटी-25 : टहला रेंज के नाडूं, देवरी, डागरवाड़ा, बाेरेठा व अलवर वन मंडल का 65 वर्ग किलाेमीटर क्षेत्र।
Naresh Chouhan 

