धमाके के साथ फटा केमिकल का खाली ड्रम:एक बच्चे समेत तीन झुलसे, गरम ब्लेड से काटते समय हुआ हादसा
टपूकड़ा कस्बे में उस समय बड़ा हादसा होते होते टल गया जब मंगलवार शाम को दो युवकों द्वारा एक प्लास्टिक के ड्रम को गर्म ब्लेड से काटने की कोशिश की गई तो ड्रम अचानक से एक बड़े धमाके के साथ फट गया और काफी दूर जाकर गिरा। बताया जा रहा है की ड्रम को एक कबाड़ी से खरीद कर लाया गया था और उसे लुहार की दुकान पर एक गर्म पत्ती से काटा जा रहा था तभी यह हादसा हो हुआ। गनीमत यह रही की इस हादसे में किसी की जान नहीं गई ।
जानकारी के अनुसार रामावतार व उसका बेटा कबाड़ी से एक ड्रम खरीद कर लाए थे। जिसको एक साइड से कटवाने के लिए नूंह रोड स्थित फखरु लोहार की दुकान पर ले गए, जहां फखरू ने बिना ड्रम का ढक्कन खोले ही गरम ब्लेड से उसे काटने की कोशिश की। इससे ड्रम में बचे हुए ज्वलनशील केमिकल ने आग पकड़ ली और दुर्घटना हो गई। ड्रम जोरदार धमाके के साथ सैकड़ों फुट दूर जाकर गिरा।
इस दौरान ड्रम में जोरदार विस्फोट हुआ और केमिकल में आग लग गई जलते हुए केमिकल के छींटे गिरने से फकरु पुत्र हमीद व मोहम्मद पुत्र फकरु व राम अवतार पुत्र जगदीश शर्मा के हाथ पैर व चेहरा झुलस गया। विस्फोट की आवाज सुन कर मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई और आनन-फानन में घायलों को टपूकड़ा सीएचसी पहुंचाया जहां तीनों का उपचार जारी है डॉक्टर ने सभी को खतरे से बाहर बताया है।
Naresh Chouhan 

